IPL 2024: रहमानुल्लाह गुरबाज़ को धोनी ने दिया अपना ऑटोग्राफ किया गया बल्ला, आप भी देखें तस्वीर
रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने अभी तक आईपीएल 2024 में कोलकाता टीम की ओर से एक भी मैच नहीं खेला है।
अद्यतन - Apr 9, 2024 4:10 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में 8 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच शानदार मुकाबला खेला गया था। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। भले ही यह मैच कोलकाता नाइट राइडर्स हार गया हो लेकिन टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज़ के लिए यह दिन खास था।
बता दें, चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने रहमानुल्लाह गुरबाज़ को उनका ऑटोग्राफ किया गया बल्ला गिफ्ट के रूप में दिया। गुरबाज़ को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में कोलकाता टीम की प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया था।
रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है जिसमें वो महेंद्र सिंह धोनी के साथ एक बल्ले को पकड़े हुए हैं जिसमें भारत के पूर्व कप्तान का ऑटोग्राफ है। उन्होंने इसके कैप्शन पर लिखा कि, ‘Comtrolling The Controllable MS’
https://twitter.com/RGurbaz_21/status/1777619298472653196
अभी तक आईपीएल 2024 में एक भी मैच नहीं खेले हैं रहमानुल्लाह गुरबाज़
बता दें, रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने अभी तक आईपीएल 2024 में कोलकाता टीम की ओर से एक भी मैच नहीं खेला है। गुरबाज़ की जगह KKR ने फिल साल्ट को ओपनर के रूप में प्लेइंग XI में शामिल किया हुआ है। साल्ट चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे थे और पहली गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे।
रहमानुल्लाह गुरबाज़ भी यही चाह रहे होंगे कि उन्हें जल्द से जल्द मौका मिले ताकि अनुभवी बल्लेबाज भी आईपीएल 2024 में अपनी छाप छोड़ सके। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन में 4 मैच खेले हैं जिसमें से तीन में टीम ने जीत की है जबकि एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई की बात की जाए तो उन्होंने 5 मैच में तीन में जीत दर्ज की है जबकि दो में टीम ने हार झेली है।