IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस पर दर्ज की 6 विकेट से आसान जीत, गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस पर दर्ज की 6 विकेट से आसान जीत, गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने झटके 3 विकेट

Gujarat Titans vs Delhi Capitals (Image Credit- Twitter X)
Gujarat Titans vs Delhi Capitals (Image Credit- Twitter X)

आईपीएल के जारी सीजन का 32वां मैच आज 17 अप्रैल, बुधवार को गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स (GT vs DC) के बीच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने एकतरफा मुकाबले में गुजरात के खिलाफ 6 विकेट से आसान जीत दर्ज की है।

दिल्ली ने पहले शानदार गेंदबाजी करते हुए गुजरात को मात्र 89 रनों पर ऑलआउट कर दिया, तो वहीं इसके बाद इस टारगेट को 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। साथ ही बता दें कि यह दिल्ली की जारी सीजन में कुल तीसरी और लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के बाद वे पाॅइंट्स टेबल में 6 अंक के साथ छठे नंबर पर पहुंच गए हैं।

गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच का हाल:

मैच के बारे में आपको विस्तार से जानकारी दें तो दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। तो वहीं अपने कप्तान के इस फैसले को टीम के गेंदबाजों ने एकदम सही कर दिखाया। गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 17.3 ओवर में मात्र 89 रनों पर ऑलआउट कर दिया।

गुजरात टीम के 8 खिलाड़ी तो दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाए। राशिद खान ने सर्वाधिक 31 रन बनाए, तो साई सुदर्शन ने 12 और राहुल तेवतिया ने 10 रनों का योगदान दिया। तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी की बात की जाए तो मुकेश कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, तो ईशांत शर्मा व ट्रिस्टन स्टब्स को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा खलील अहमद और अक्षर पटेल भी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

इसके बाद, जब दिल्ली गुजरात से मिले 90 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसने इसे 8.5 ओवर में चार विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। दिल्ली के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क ने 20 और अभिषेक पोरेल ने 15 रन बनाए, तो ऋषभ पंत 16* और सुमित कुमार 9* रन बनाकर नाबाद रहे।

close whatsapp