“यह टीम बिल्कुल भी एकजुट होकर खेलती नहीं दिख रही है”- MI को लेकर बोले इरफान पठान
KKR के खिलाफ मैच में मुंबई को 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - May 4, 2024 1:38 pm

भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान ने कहा कि, पांच बार की पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में एकजुट होकर नहीं खेल रही है। उन्हें शुक्रवार, 3 मई को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ 24 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद इरफान पठान ने मुंबई खेमे को लेकर काफी कुछ कहा है।
मैच के बाद, पठान से पूछा गया कि, क्यों मुंबई इंडियंस अपने होम ग्राउंड पर 170 रन का स्कोर चेज करने में असफल रही, वो भी उस टीम के खिलाफ जिसने इस सीजन में चार मौकों पर 200 से अधिक दिए हैं। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने ने कहा कि पिच में कुछ भी नहीं था और सूर्यकुमार के अलावा किसी ने भी एमआई को जीत दिलाने की कोशिश नहीं की।
मुंबई की टीम बिल्कुल भी एकजुट होकर खेलती नहीं दिख रही है- इरफान पठान
स्टार स्पोर्ट्स पर मैच का विश्लेषण करते हुए इरफान पठान ने कहा कि, “वह भी वानखेड़े में जहां मैदान छोटा है और जब यह थोड़ा गीला हो जाता है तो गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आती है। पिच हमेशा बेहद सपाट नहीं होगी। यह थोड़ा सूख जाएगा। गर्मी के कारण पिच थोड़ी धीमी थी लेकिन यह असमान उछाल वाली पिच नहीं थी।”
पठान ने आगे कहा कि, “सूर्यकुमार यादव एकमात्र ऐसे बल्लेबाज लग रहे थे जो मैच जीता सकते थे। वह एक शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए और फिर मिचेल स्टार्क ने एक बड़ा विकेट (टिम डेविड का) लिया। मैच वहीं खत्म हो गया था- सूर्यकुमार यादव का विकेट और फिर टिम डेविड का विकेट। यह टीम बिल्कुल भी एकजुट होकर खेलती नहीं दिख रही है।”
मुकाबले की बात करें तो वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर केकेआर को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले गेंदबाजी करने उतरी KKR की शुरुआत बेहद खराब रही थी और महज 57 रन पर टीम ने अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। मनीष पांडे (31 गेंदों पर 42 रन) और अनुभवी बल्लेबाज ने वेंकटेश अय्यर (52 गेंदों पर 70 रन) ने 62 गेंदों पर 83 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
इस पार्टनरशिप की वजह से केकेआर 169 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। MI की तरफ से गेंदबाजी में नुवान तुषारा और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने सबसे अधिक 35 गेंदों में 56 रन बनाए। लेकिन टीम को अंत में 24 रन से हार का सामना करना पड़ा।