जाने किस दिन लेंगे जेम्स एंडरसन क्रिकेट से संन्यास, क्रिकेटर ने खुद दी जानकारी
टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट लेने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज हैं एंडरसन
अद्यतन - मई 11, 2024 6:12 अपराह्न

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने आखिरकर क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर लिया है। बता दें कि दिग्गज क्रिकेटर ने इस बात की जानकारी खुद सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
गौरतलब है कि वनडे और टी20 क्रिकेट से संन्यास के बाद एंडरसन अब इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए बस खेल के सबसे बड़े फाॅर्मेट में ही खेलते हुए नजर आते हैं। हालांकि, अब उन्होंने इस फाॅर्मेस से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
इस दिन दिन संन्यास लेंगे जेम्स एंडरसन
बता दें कि जेम्स एंडरसन ने आज 11 मई को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट के माध्यम से लिखा कि आने वाले समर में इंग्लैंड के लाॅर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाला पहला टेस्ट मैच उनके क्रिकेट करियर का आखिरी मैच साबित होने वाला है।
साथ ही इस पोस्ट में एंडरसन ने लिखा- अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए, उस खेल को खेलते हुए, जो मुझे बचपन से पसंद है, अविश्वसनीय 20 साल रहे हैं। मैं इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ बाहर जाने वाले दौरों को बहुत मिस करूंगा। लेकिन मैं जानता हूं कि यह अलग हटने और दूसरों को उनके सपनों को साकार करने देने का सही समय है, जैसा कि मैंने किया, क्योंकि इससे बड़ी कोई भावना नहीं है।
डेनिएला, लोला, रूबी और मेरे माता-पिता के प्यार और समर्थन के बिना मैं यह नहीं कर पाता। उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद। साथ ही उन खिलाड़ियों और कोचों को भी धन्यवाद जिन्होंने इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ काम बनाया।
देखें जेम्स एंडरसन की ये इंस्टाग्राम पोस्ट
एंडरसन के क्रिकेट करियर पर एक नजर
दूसरी ओर, जेम्स एंडरसन के क्रिकेट करियर के बारे में आपको जानकारी दें, तो 41 वर्षीय क्रिकेटर टेस्ट क्रिकेट में बतौर तेज गेंदबाज सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। गौरतलब है कि एंडरसन ने 187 टेस्ट मैचों में कुल 700 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा उनके नाम 194 वनडे मैचों में 269 विकेट और 19 टी20 मैचों में 18 विकेट दर्ज हैं।