IRE vs PAK 2024: इफ्तिखार अहमद को पूरी उम्मीद है कि आयरलैंड के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान टीम वापसी करेगी
आयरलैंड टीम ने पाकिस्तान को पहले टी20 मैच में 5 विकेट से हराया था।
अद्यतन - मई 11, 2024 7:48 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड दौरे पर है। तो वहीं इस टी20 सीरीज का पहला मैच कल 10 मई, शुक्रवार को दोनों टीमों के बीच क्लोनटर्फ क्रिकेट क्लब ग्राउंड, डबलिन में खेला गया था।
बता दें कि इस मैच में आयरलैंड क्रिकेट टीम ने सभी को चौंकाते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया था। तो वहीं पाकिस्तान की आयरलैंड के खिलाफ इस करारी हार की क्रिकेट जगत में काफी आलोचना देखने को मिली थी।
हालांकि, अब टीम की इस करारी हार को लेकर पाकिस्तानी ऑलराउंडर खिलाड़ी इफ्तिखार अहमद (Iftikhar Ahmed) ने बड़ा बयान दिया है। इफ्तिखार को पूरी उम्मीद है कि उनकी टीम दूसरे टी20 मैच में शानदार वापसी करेगी।
इफ्तिखार अहमद ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि पाकिस्तान बनाम आयरलैंड के बीच पहले टी20 मैच को लेकर बात करते हुए इफ्तिखार अहमद ने कहा- जब मैं उस मैच में बल्लेबाजी करने के उतरा तो टीम को रनों की जरूरत थी, और मैंने अपना वास्तविक क्रिकेट खेला। पहले टी20 मैच में हमारी टीम जिस तरह की है, उसके हिसाब से उसने प्रदर्शन नहीं किया था। हमने खराब फील्डिंग की और कुछ छोड़ने के साथ चौके भी दिए। लेकिन यह खेल का हिस्सा है और हमें उम्मीद है कि दूसरे टी20 मैच में हम वापसी करेंगे।
इफ्तिखार अहमद ने आगे कहा- हमारी टीम में जो क्वालिटी है, उसे देखते हुए हम आयरलैंड के खिलाफ वापसी कर सकते हैं। इसके बाद हम इंग्लैंड और उसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2024 में क्रिकेट खेलने के लिए आत्मविश्वास हासिल करेंगे।
दूसरी ओर, पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज के बारे में आपको जानकारी दें, अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मैच 12 मई को डबलिन में खेला जाएगा। पाकिस्तान के लिए यह करो या मरो वाला मैच होगा, तो वहीं अगर आयरलैंड इस मैच में जीत हासिल कर लेती है तो वह टी20 सीरीज को अपने नाम कर लेगी।