KKR vs MI: रोहित का विकेट लेने के लिए वरुण चक्रवर्ती ने की थी स्पेशल प्लानिंग, खुद किया बड़ा खुलासा
केकेआर ने मुंबई के खिलाफ 18 रनों से जीत हासिल की थी।
अद्यतन - मई 12, 2024 2:29 अपराह्न

आईपीएल में कल 11 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस (KKR vs MI) के बीच 60वां मैच खेला गया। ईडन गार्डंस मैदान पर खेले गए इस मैच में केकेआर ने मुंबई को 18 रनों से हराया था। तो वहीं मुकाबले में केकेआर के गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने मुंबई के सलामी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को आउट करने के लिए स्पेशल प्लानिंग की थी।
बता दें कि वरुण ने रोहित शर्मा को एक शानदार गेंद पर सुनील नारायण के हाथों कैच आउट कराया था। रोहित मुकाबले में 24 गेंदों में मात्र 19 रन बनाकर आउट हो गए थे। साथ ही इससे पहले के मुकाबलों में भी रोहित का बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा था।
रोहित को आउट करने के लिए वरुण ने की थी स्पेशल प्लानिंग
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच मैच खत्म होने के बाद वरुण ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा- इस विकेट को लेने के बाद सेलेब्रेशन बाहर आ रहा था, क्योंकि मैंने रोहित भाई का विकेट इससे पहले नहीं लिया था। विकेट से सच में मदद मिल रही थी और मैं इसका फायदा उठाने में सफल रहा। प्लानिंग थी कि उसे (रोहित) एक्राॅस द लाइन खिलाया जाए। मैंने ये प्लानिंग की थी और ये सफल साबित हुई।
वरुण ने आगे कहा- मैं और नारायण आपस में गेंदबाजी को लेकर बात करते हैं। हम दोनों सामरिक रूप से अलग हैं, लेकिन तकनीकी रूप से एक जैसे हैं। नारायण हाथ के सामने से गेंदबाजी करता है और मैं हाथ के पिछले हिस्से से गेंदबाजी करता हूं। हम बात करते रहते हैं कि कहां पर सुधार कर सकते हैं। ईडन गार्डंस मैदान काफी छोटा है। मैं पहले जैसी ही गेंदबाजी कर रहा हूं और अब परिणाम मिल रहे हैं।
दूसरी ओर, मुकाबले में वरुण के प्रदर्शन के बारे में आपको जानकारी दें, तो उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। साथ ही मैच में जीत हासिल करने के बाद केकेआर ने जारी सीजन के प्लेऑफ की रेस में जगह बना ली है।