मुझे एक बात का पछतावा हमेशा रहेगा कि मैं सूर्यकुमार यादव का इस्तेमाल सही तरीके से नहीं कर पाया: गौतम गंभीर
सूर्यकुमार ने 2017 सीजन तक कोलकाता की ओर से 54 मैच खेले जिसमें उन्होंने 41 पारी में 22.52 के औसत और 131.89 के स्ट्राइक रेट से 608 रन बनाए।
अद्यतन - May 13, 2024 3:37 pm

कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर गौतम गंभीर ने हाल ही में स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ बातचीत के दौरान आईपीएल में अपनी कप्तानी के दिनों को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। गौतम गंभीर ने कहा कि उन्हें इस बात का काफी दुख है कि कोलकाता फ्रेंचाइजी सूर्यकुमार यादव के टैलेंट को शुरुआती दिनों में अच्छी तरह से इस्तेमाल नहीं कर पाई।
बता दें, 2011 से 2017 तक गौतम गंभीर ने कोलकाता नाइट राइडर्स की 122 आईपीएल मुकाबलों में कप्तानी की। इन 122 मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 69 मैचों में जीत दर्ज की। यही नहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2012 और 2014 सीजन की ट्रॉफी को भी अपने नाम किया। उन्होंने यह दोनों ही ट्रॉफी गौतम गंभीर की कप्तानी में जीती। कोलकाता नाइट राइडर्स ने सूर्यकुमार यादव को 2014 में अपनी टीम में शामिल किया था। सूर्यकुमार ने 2017 सीजन तक कोलकाता की ओर से 54 मैच खेले जिसमें उन्होंने 41 पारी में 22.52 के औसत और 131.89 के स्ट्राइक रेट से 608 रन बनाए।
जब सूर्यकुमार यादव कोलकाता टीम में थे तब उन्हें नंबर 6 या नंबर 7 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाता था क्योंकि टॉप ऑर्डर में कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे। गौतम गंभीर के मुताबिक सूर्यकुमार यादव हमेशा अपनी टीम के बारे में पहले सोचते थे और इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2015 में उपकप्तान नियुक्त किया था।
गौतम गंभीर ने SK मैच की बात में कहा कि, ‘कप्तान की यही जिम्मेदारी होती है कि खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को दुनिया के सामने रखें। एक बात का मुझे हमेशा पछतावा होगा कि मैं सूर्यकुमार यादव को अच्छी तरह से इस्तेमाल नहीं कर पाया और उनका सर्वश्रेष्ठ दुनिया के सामने नहीं ला पाया। इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण कांबिनेशन था। नंबर तीन पर आप एक ही खिलाड़ी को खिला सकते हैं। एक कप्तान के रूप में आपको प्लेइंग XI के बाकी 10 खिलाड़ियों के बारे में भी सोचना चाहिए। वो नंबर तीन पर ज्यादा कारगर साबित होते लेकिन नंबर 7 पर भी वो हमारे लिए उतने ही महत्वपूर्ण थे।’
सूर्यकुमार यादव हर फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन दिखा सकते हैं: गौतम गंभीर
गौतम गंभीर ने आगे कहा कि, ‘चाहे सूर्यकुमार यादव नंबर 6 नंबर 7 पर खेल रहे हो या उन्हें हमने बेंच पर रखा हो, वो हमेशा हंसते रहते थे और अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करते थे। यही वजह है कि हमने उन्हें उपकप्तान नियुक्त किया। सूर्यकुमार यादव काफी अच्छे खिलाड़ी हैं और मुझे नहीं लगता कि वो सिर्फ एक प्रारूप के क्रिकेटर है। वो हर फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
वनडे फॉर्मेट में भी सूर्यकुमार यादव काफी घातक साबित हो सकते हैं। यह मेरा मानना है और मुझे पूरा भरोसा है कि आगामी समय में वो भारतीय टीम में सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन दिखा सकते हैं।’