इंग्लैंड क्रिकेट फैंस के लिए बुरी खबर, जोश टंग की चोट को लेकर बड़ी अपडेट आई सामने
जोश टंग चोटिल होने की वजह से पिछले काफी समय से अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में खेलते हुए नजर नहीं आए हैं।
अद्यतन - May 17, 2024 3:58 pm

इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैच की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन गेंदबाजी की और कई उपलब्धि अपने नाम की। बता दें, जेम्स एंडरसन ने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट हासिल किए हैं।
हालांकि अब जेम्स एंडरसन के संन्यास के बाद इंग्लैंड टीम के ऊपर भी काफी बड़ी जिम्मेदारी होगी। किसी भी खिलाड़ी के लिए जेम्स एंडरसन की जगह लेना टेस्ट क्रिकेट में बहुत ही मुश्किल होगा लेकिन इंग्लैंड टीम कई खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगी जो भविष्य में अपनी राष्ट्रीय टीम की ओर से शानदार गेंदबाजी कर सके। इस लिस्ट में सबसे ऊपर जोश टंग का नाम है जिनका प्रदर्शन भी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में अभी तक काफी अच्छा रहा है।
हालांकि जोश टंग चोटिल होने की वजह से पिछले काफी समय से अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में खेलते हुए नजर नहीं आए हैं। बता दें, जोश टंग ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जुलाई 2023 में खेला था। इसके बाद ना उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ इस साल सीरीज में टीम में शामिल किया गया और ना ही वो न्यूजीलैंड, आयरलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सालों में होने वाली लिमिटेड ओवर सीरीज में भाग ले पाएंगे।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने बताया है कि, ‘जोश फिल्हाल चोटिल है। उन्हें जहां पहले चोट लगी थी वही फिर से परेशानी शुरू हो गई है। इस चीज को लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है कि वो वापस एक्शन में कब लौटेंगे।’
जोश टंग को जल्द से जल्द होना पड़ेगा पूरी तरह से फिट
जोश टंग ने आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और उन्होंने दूसरी पारी में 5 विकेट हॉल लिया था। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और कई लोगों ने इस युवा गेंदबाज की प्रशंसा की थी।
इंग्लैंड टीम के पास कई अच्छे तेज गेंदबाज हैं लेकिन जोश टंग ने घरेलू क्रिकेट के अलावा अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड भी यही चाहेगा कि युवा तेज गेंदबाज जल्द से जल्द पूरी तरह से फिट हो जाए और राष्ट्रीय टीम में वापसी करें।