Saurabh Netravalkar

जब विराट कोहली का विकेट लेने के बाद भावुक हो गए थे सौरभ नेत्रवलकर, खुद किया खुलासा

सौरभ नेत्रवलकर ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया है

Virat Kohli and Saurabh Netravalkar (Image Credit- X)
Virat Kohli and Saurabh Netravalkar (Image Credit- X)

USA के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने भारत के खिलाफ भी अच्छी गेंदबाजी की और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया था। अब उस मोमेंट को लेकर सौरभ नेत्रवलकर ने प्रतिक्रिया दी है।

आपको बता दें कि सौरभ नेत्रवलकर ने ऑफ स्टंप के बाहर कोहली की कमजोरी को पकड़ा और उन्हें अपना शिकार बनाया। इसके अलावा सौरभ ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का विकेट भी हासिल किया। इस बीच उन्होंने विराट कोहली के विकेट लेने को इमोशनल मोमेंट बताया।

उन्होंने मुझे बधाई दी- सौरभ नेत्रवलकर

नेत्रवलकर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया कि, “मैं बस इस बात से खुश हूं कि मैं अपने दोनों जुनून पूरे कर सका। यह सब बहुत तेजी से हुआ और मैं इसे पचाने की प्रक्रिया में हूं। ये आखिरी दो गेम वास्तव में हाई-प्रोफाइल थे। विराट का विकेट लेना एक इमोशनल मोमेंट था। मैं ऑफ-स्टंप पर हिट करना चाह रहा था और ये कारगार साबित हुआ।

सौरभ भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के अच्छे दोस्त हैं और सूर्यकुमार ने मौजूदा विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर ओवर में नेत्रवलकर के शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें बधाई भी दी थी। मुंबई में जन्मे क्रिकेटर ने यह भी बताया कि कोहली ने भी उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।

उन्होंने कहा, “मैं सूर्या को अंडर-15, अंडर-17 के दिनों से जानता हूं। हम ड्रेसिंग रूम में हंसी-मजाक करते थे। मैं विराट कोहली को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता था, लेकिन उन्होंने मुझे बधाई दी।”

बात करें यूएसए टीम की तो उसने तीन मैचों में से दो में जीत हासिल की है और चार अंकों के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। अगर बारिश के कारण पाकिस्तान का आगामी मैच धूल जाता है, तो यूएसए की टीम सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। वहीं भारतीय टीम पहले ही सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।

 

close whatsapp