“यह Match of the Tournament है…”- साउथ अफ्रीका vs नेपाल मुकाबले को लेकर डेल स्टेन का बड़ा बयान
एक साउथ अफ़्रीकी होने के बावजूद, मैं Come on, Nepal कह रहा था- डेल स्टेन
अद्यतन - जून 15, 2024 6:35 अपराह्न

T20 World Cup 2024: साउथ अफ्रीका और नेपाल के बीच खेला गया मैच टूर्नामेंट के बेहतरीन मुकाबलों में से एक बन चुका है। इस लो स्कोरिंग मुकाबले में अफ्रीकी टीम ने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए थे।
नेपाल आसानी से लक्ष्य का पीछा करते हुए नजर आ रही थी, क्योंकि आखिरी तीन ओवरों में टीम को मात्र 18 रन चाहिए थे और हाथ में 7 विकेट थे। फिर तबरेज शम्सी द्वारा डाले गए 18वें ओवर ने गेम पलट दिया। शम्सी ने दीपेंद्र सिंह ऐरी (6) और सेट बल्लेबाज आसिफ शेख (42) को आउट कर नेपाल को दो बड़े झटके दिए।
टीम को फिर आखिरी गेंद पर जीत के लिए 2 रन चाहिए थे। अगर टीम एक रन भी लेने में कामयाब रहती तो सुपर ओवर खेला जाता। लेकिन गुलशन झा रन आउट हो गए और नेपाल को हार का सामना करना पड़ा।
साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी डेल स्टेन इस मैच में नेपाल के जीत की कामना कर रहे थे। डेल स्टेन ने इस मैच को मैच ऑफ द टी20 वर्ल्ड कप 2024 भी घोषित कर दिया है।
मैं एक बड़ा ‘underdog’ फैन हूं- डेल स्टेन
साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का कहना है कि वह ‘underdog’ टीमों के बड़े फैन है। जिसके चलते वह चाहते थे कि नेपाल मैच जीत जाए। डेल स्टेन ने आईसीसी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो पर बात करते हुए कहा, ‘यह देखना अविश्वसनीय था। ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि यह मैच ऑफ द टूर्नामेंट है। मैं एक बड़ा ‘underdog’ फैन हूं, इसलिए, एक साउथ अफ्रीकी होने के बावजूद, मैं Come on Nepal कह रहा था।’
वीडियो में डेल स्टेन ने आगे कहा, ‘इस थ्रिलर मुकाबले में मैंने लोगों को स्टैंड्स में रोते हुए देखा, इससे पता चलता है कि लोगों के लिए इसका कितना मतलब है, और यही क्रिकेट है। 200s के बारे में नहीं, खेल इसी के बारे में है। मुझे लगता है कि अगर नेपाल जीत गई होती तो टीम चर्चा में होती। यह शानदार होता, वे जीत के पात्र थे।’
नेपाल के खिलाफ जीत के बाद साउथ अफ्रीका ग्रुप-डी पॉइंट्स टेबल में चार मैचों में चार जीत और 8 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। टीम सुपर-8 राउंड में पहला मैच 21 जून को खेलेगी। वहीं नेपाल इस हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।