ICC T20 Ranking में गिल और जायसवाल ने लगाई लंबी छलांग, ऑलराउंडर्स रैंकिंग में हार्दिक हुए टॉप 5 से बाहर
हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में टॉप-5 से भी बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - जुलाई 17, 2024 4:10 अपराह्न
![]()
भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए पांच मैचों की सीरीज के दौरान टीम इंडिया के शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल के बल्ले से जमकर रन निकले। इसका फायदा दोनों को ताजा जारी टी-20 रैंकिंग में भी मिला है। यशस्वी जायसवाल को चार पायदान का फायदा मिला है और वो अब छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, वहीं ऋतुराज गायकवाड़ को एक पायदान का नुकसान हुआ और वो फिसल कर 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
सूर्यकुमार यादव जिन्हे जिम्बाब्वे सीरीज में आराम दिया गया था, उनकी रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ा है और वो दूसरे नंबर पर बरकार हैं। पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ट्रैविस हेड मौजूद हैं। इस तरह से टॉप-10 टी20 बल्लेबाज में तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। शुभमन गिल की बात करें तो उन्हें रैंकिंग में 36 पायदानों का फायदा मिला है और वो अब 37वें नंबर पर आ गए हैं।
गिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में सबसे ज्यादा 170 रन बनाए थे। टी-20 इंटरनेशनल से रिटायर हो चुके रोहित शर्मा पांच पायदान के नुकसान के साथ 42वें नंबर पर खिसक गए हैं। युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह को जिम्बाब्वे के खिलाफ ज्यादा बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। इसी वजह से रैंकिंग में उन्हें आठ पायदान का नुकसान उठाना पड़ा है और वो अब 49वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
कुलदीप यादव और अक्षर पटेल दोनों ही जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं गए थे, ऐसे में उनको गेंदबाजी रैंकिंग में नुकसान हुआ है। अक्षर चार पायदान नीचे होकर टॉप-10 से बाहर 13वें नंबर पर चले गए हैं और कुलदीप चार पायदान फिसलकर 16वें नंबर पर चले गए हैं। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह को भी लेटेस्ट टी20 रैंकिंग में नुकसान हुआ है, दोनों क्रम से 21वें और 23वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
ऑलराउंडर की रैंकिंग में टॉप 5 से बाहर हुए हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज का हिस्सा नहीं थे और अब वह टी20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में टॉप-5 से भी बाहर हो गए हैं। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप खत्म होते ही हार्दिक नंबर-1 टी20 ऑलराउंडर बन गए थे, लेकिन फिर वानिंदु हसरंगा ने फिर से नंबर-1 का ताज हासिल कर लिया और हार्दिक दूसरे नंबर पर खिसक गए। हार्दिक अब चार पायदान के नुकसान के साथ छठे नंबर पर फिसल गए हैं।