SL vs IND: अब वनडे सीरीज में रोहित शर्मा भी गेंदबाजी में हाथ आजमाते हुए आएंगे नजर?
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - अगस्त 2, 2024 4:13 अपराह्न

इस समय श्रीलंका और भारत के बीच पहला वनडे मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टॉस के दौरान रोहित शर्मा ने इस चीज को लेकर अपना पक्ष रखा कि क्या वह पहले वनडे में गेंदबाजी करते हुए नजर आएंगे या नहीं?
बता दें, हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में श्रीलंका को क्लीन स्वीप किया। दोनों टीमों के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारत की ओर से अंतिम दो ओवर रिंकू सिंह और सूर्यकुमार यादव ने फेकें थे। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अंतिम दो ओवर में 9 रन डिफेंड किए थे और यह मुकाबला सुपर ओवर तक गया था। इसके बाद सुपर ओवर में भारत ने शानदार तरीके से जीत दर्ज की थी।
वहीं, पहले वनडे में टॉस के दौरान रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘यह काफी अच्छी पिच है। हमने यहां काफी क्रिकेट खेला है और सभी को यहां की परिस्थिति के बारे में काफी अच्छी तरह से पता है। कई बदलाव किए गए हैं। मैं वापसी कर चुका हूं और विराट कोहली, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर भी। कुलदीप ने भी वापसी कर ली है। शिवम दुबे भी इस मैच में खेल रहे हैं। हमारी टीम काफी बैलेंस है। हमारा काफी अच्छा वर्ल्ड कप गया था।’
उन्होंने आगे गेंदबाजी के सवाल पर कहा कि, ‘हमने ऐसा वातावरण बनाया था कि खिलाड़ी यहां पर आकर खुलकर क्रिकेट खेल सकते हैं। अभी गेंदबाजी को लेकर मैं कुछ भी नहीं कह पाऊंगा, क्योंकि मेरा पूरा फोकस बल्लेबाजी पर है। हमारी टीम में ऐसे कई गेंदबाज हैं जो गेंदबाजी में अपना हाथ घुमा सकते हैं।’
रोहित शर्मा और विराट कोहली की भारतीय टीम में हुई वापसी
बता दें, भारत ने जून में दूसरी बार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। टीम इंडिया ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को मात दी और ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं चैंपियन बनने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास का ऐलान कर दिया। हालांकि, अब ये दोनों बल्लेबाज श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी कर रहे हैं।