IND vs SL 1st ODI: कुलदीप यादव की फिरकी में फंसे विरोधी टीम के कप्तान, बेहतरीन गेंद पर 14 रन बनाकर लौटे पवेलियन
श्रीलंका ने पहले वनडे मैच में भारत के खिलाफ टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
अद्यतन - Aug 2, 2024 7:47 pm

भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच आज 2 अगस्त, शुक्रवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। बता दें कि मुकाबले में मेजबान श्रीलंका ने भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
मुकाबले के दौरान श्रीलंकाई पारी के 24वें ओवर में भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव एक कमाल की गेंद फेंकते हुए नजर आए, जिसका वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस ओवर की 5वीं गेंद को श्रीलंकाई कप्तान चरिथ असलांका समझ नहीं पाए और लेट कट खेलने की कोशिश में, स्लिप में खड़े रोहित शर्मा को कैच थमा बैठे। वह सिर्फ 14 रन बनाकर ही कुलदीप की फिरकी का शिकार हुए।
देखें किस तरह कुलदीप यादव ने झटका चरिथ असलांका का विकेट
— hiri_azam (@HiriAzam) August 2, 2024
श्रीलंका ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया
दूसरी ओर, मुकाबले में श्रीलंका टीम के कप्तान चरिथ असलांका ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो अभी तक उनकी टीम के लिए सही साबित नहीं हुआ है। बता दें कि खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 42 ओवर बाद 6 विकेट के नुकसान पर 173 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय वानिंदु हसरंगा 24* और दुनिथ वेलालगे 29* रन बनाकर मौजूद हैं।
श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं भारतीय टीम की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए, तो अक्षर पटेल को 2 और मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे, कुलदीप यादव व वाॅशिंगटन सुदंर को 1-1 विकेट मिला है। देखने लायक बात होगी कि अब श्रीलंका भारत के सामने जीत के लिए कितने रनों का लक्ष्य रखती है?