जय शाह ने भारतीय खिलाड़ियों को दी बड़ी खुशखबरी, जल्द ही बेंगलुरु में नए NCA का होगा उद्घाटन - क्रिकट्रैकर हिंदी

जय शाह ने भारतीय खिलाड़ियों को दी बड़ी खुशखबरी, जल्द ही बेंगलुरु में नए NCA का होगा उद्घाटन

नए नेशनल क्रिकेट एकेडमी में तीन वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स ग्राउंड, 45 प्रैक्टिस पिचों सहित इनडोर क्रिकेट पिचें हैं।

New NCA Ground (Photo Source: X/Twitter)
New NCA Ground (Photo Source: X/Twitter)

भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त श्रीलंका दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इस बीच बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने खिलाड़ियों को एक बड़ी खुशखबरी दे दी है। दरअसल, भारतीय क्रिकेट बोर्ड लंबे समय से एक नई नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के निर्माण पर काम कर रहा था।

हालिया अपडेट के अनुसार अब नया एनसीए जल्द ही बनकर तैयार होने वाला है, जिसकी खुशी जाहिर करते हुए बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की है।

जय शाह ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी

नए नेशनल क्रिकेट एकेडमी में तीन वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स ग्राउंड, 45 प्रैक्टिस पिचों सहित इनडोर क्रिकेट पिचें हैं। नए एनसीए में ट्रेनिंग रिकवरी, स्पोर्ट्स साइंस सुविधाओं के साथ-साथ एक ओलंपिक साइज स्वीमिंग पूल भी है, जो क्रिकेटरों के रिहैब में मदद करेगा और अहम क्रिकेट सीजन से पहले खिलाड़ियों की तैयारी करने में भी मदद करेगा। जय शाह ने यह भी कहा कि नए एनसीए से खिलाड़ियों को अपना स्किल डेवलप करने में काफी मदद मिलेगी।

जय शाह ने सोशल मीडिया पर नए एनसीए की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा,

यह घोषणा करते हुए बहुत उत्साहित हूं कि BCCI की नई नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही बेंगलुरु में खुलेगी। नए एनसीए में तीन वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स ग्राउंड, 45 प्रैक्टिस पिचें, इनडोर क्रिकेट पिचें, ओलंपिक आकार का स्विमिंग पूल और स्टेट ऑफ द आर्ट ट्रेनिंग रिकवरी और स्पोर्ट्स साइंस सुविधाएं होंगी। यह पहल हमारे देश के वर्तमान और भविष्य के क्रिकेटरों को सर्वोत्तम संभव वातावरण में अपने स्किल विकसित करने में मदद करेगी। 

पूर्व भारतीय खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण वर्तमान में एनसीए के हेड है और उनका कार्यकाल जल्द ही समाप्त होने वाला है। वीवीएस लक्ष्मण ने पहले ही व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों के चलते पद पर वापस से न बने रहने की इच्छा व्यक्त की है। बीसीसीआई इस वक्त नए एनसीए प्रमुख की तलाश में हैं।

close whatsapp