पाकिस्तान दौरे से पहले देश में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू के चलते बांग्लादेश टीम की मुश्किलें बढ़ीं, तैयारियों को लेकर लगा तगड़ा झटका
बांग्लादेश टीम 17 अगस्त को दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान के लिए रवाना होगी।
अद्यतन - अगस्त 5, 2024 4:23 अपराह्न

पाकिस्तान के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश टीम की तैयारियों का बड़ा झटका लगा है। इस समय बांग्लादेश सरकार ने राजनीतिक संकट के बीच में देश में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। इसके चलते बांग्लादेश क्रिकेट टीम को आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अभ्यास करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) इस बात को लेकर अनिश्चित है कि वह अभ्यास सत्र की अगली तारीख की घोषणा कब कर सकता है।
आपको बता दें कि, बांग्लादेश टीम 17 अगस्त को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान दौरा करने वाली है। यह टेस्ट सीरीज जारी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच 21 अगस्त से 25 अगस्त तक रावलपिंडी में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट कराची में 30 अगस्त से 3 सितंबर तक होस्ट किया जाएगा।
हालांकि, देश में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू के चलते सीरीज की तैयारियों को लेकर बांग्लादेश टीम काफी परेशान है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने क्रिकबज को एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रशासन इस चीज पर जल्द से जल्द बैठक करेगा और उसके बाद ही अभ्यास सत्र को लेकर घोषणा करेगा।
जारी किए गए बयान में लिखा है कि, ‘हमें यकीन नहीं है कि हम अभ्यास कब कर पाएंगे क्योंकि वहां अनिश्चित काल के लिए कर्फ्यू है। हमारा प्रशासन इस मामले को देख रहा है और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी देने के बाद ही हम स्थिति को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।’
बांग्लादेश के पूर्व टेस्ट कप्तान चार दिन के मैच के लिए ‘A’ टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे
शहादत हुसैन, जाकिर हसन, महमुदुल हसन, नईम हसन और हसन महमूद पाकिस्तान शहींस के खिलाफ पहले मैच में बांग्लादेश ‘A’ टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। बांग्लादेश के पूर्व टेस्ट कप्तान मुशफिकुर रहीम और मोमिनुल हक भी इसी टीम का हिस्सा है।
बांग्लादेश ‘A’ टीम 6 अगस्त को पाकिस्तान के लिए रवाना होगी। इन दोनों टीमों के बीच 2 चार दिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद इन दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच भी होंगे। यह तीन वनडे मैच 10 अगस्त से 27 अगस्त के बीच में खेले जाएंगे।