SA20 ने तीसरे सीजन से पहले दिनेश कार्तिक को अपना लीग एंबेसडर नियुक्त किया
दिनेश कार्तिक खुद इस बात से काफी खुश है कि उन्हें इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का लीग एंबेसडर नियुक्त किया गया है।
अद्यतन - Aug 5, 2024 7:36 pm

दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन टूर्नामेंट SA20 ने आगामी सीजन से पहले भारत के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को अपना लीग एंबेसडर नियुक्त किया है। SA20 का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के बाद दिनेश कार्तिक ने खुशी व्यक्त की और कहा कि इस लीग के पहले दो संस्करणों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। साथ ही युवा टैलेंटेड खिलाड़ियों ने भी अपनी छाप छोड़ी थी।
बता दें कि, दिनेश कार्तिक ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। वह आईपीएल 2024 में खेलते हुए नजर आए थे, लेकिन टूर्नामेंट के समाप्त होते ही उन्होंने इस लीग को भी अलविदा कह दिया। दिनेश कार्तिक आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2007 की विजेता भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।
दिनेश कार्तिक ने व्यक्त की खुशी
अब SA20 का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त होने पर दिनेश कार्तिक ने कहा कि, ‘मैं काफी खुश हूं कि Betway SA20 में मैं एंबेसडर की तरह जुड़ रहा हूं। इसके पहले दो सीजन काफी अच्छे रहे थे और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों ने इसमें दमदार प्रदर्शन किया था। यही नहीं युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा था। काफी सम्मानित महसूस हो रहा है कि मैं SA20 लीग से जुड़ा हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के आगामी संस्करण में भी कई जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे।’
दिनेश कार्तिक के पास क्रिकेट का काफी अनुभव है और उनकी तारीफ इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने भी की है। ग्रीम स्मिथ ने कहा कि, ‘हम लोग काफी खुश हैं कि दिनेश कार्तिक को इस टूर्नामेंट में एंबेसडर की तरह शामिल किया गया है। SA20 का तीसरा सीजन पहले दो से भी ज्यादा बेहतर होगा। भारत में क्रिकेट का क्रेज हमेशा ही काफी ज्यादा रहा है और हम यही चाहेंगे कि इस बार भी उन्हें यहां के मुकाबलों का लुफ्त उठाने को मिले। दिनेश कार्तिक भी इसमें हमारा महत्वपूर्ण योगदान देंगे।’
इंडियन प्रीमियर लीग में दिनेश कार्तिक का प्रदर्शन रहा है जबरदस्त
बता दें कि, दिनेश कार्तिक ने अपने 16 साल के लंबे इंडियन प्रीमियर लीग के करियर में कुल 6 टीमों की ओर से भाग लिया। इस पीरियड में दिनेश कार्तिक ने 26.32 की औसत और 135.66 के स्ट्राइक रेट से 4842 रन बनाए हैं। यही नहीं अनुभवी खिलाड़ी ने स्टंप्स के पीछे 145 कैच पकड़े हैं, जबकि 37 स्टंपिंग भी की है।