आयरलैंड की महिला क्रिकेटर Gaby Lewis ने रचा इतिहास

श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाकर Gaby Lewis ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली आयरिश महिला क्रिकेटर बनीं

लुईस खेल के सबसे छोटे प्रारूप में दो या उससे अधिक शतक लगाने वाली 11वीं बल्लेबाज बनीं।

Gaby Lewis. (Photo Source: X(Twitter/Ireland Cricket)
Gaby Lewis. (Photo Source: X(Twitter/Ireland Cricket)

आयरलैंड की महिला टीम ने मंगलवार को दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका को सात रन से हराया। इसके साथ ही आयरलैंड ने 2 मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। इस मुकाबले में आयरलैंड की गैबी लुईस (Gaby Lewis) ने शतक लगाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह टी-20 इंटरनेशनल में दो या उससे अधिक शतक लगाने वाली खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गईं हैं। यह रिकॉर्ड हासिल करने वाली वो पहली आयरिश महिला क्रिकेटर हैं।

मुकाबले की बात करें तो आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 173 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 166 रन ही बना सकी। गैबी लुईस का ये दूसरा टी20 इंटरनेशनल शतक था। इससे पहले उन्होंने जर्मनी के खिलाफ नाबाद 105 रन बनाए थे। आईसीसी के मुताबिक, दाएं हाथ की यह खिलाड़ी अब टी-20 फॉर्मेट में दो या अधिक शतक बनाने वाली 11 महिला प्लेयर्स में से एक है।

Gaby Lewis ने श्रीलंका के खिलाफ खेली ऐतिहासिक पारी

गैबी लुईस ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी शतकीय पारी में 17 चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने ओर्ला प्रेंडरगैस्ट (38) के साथ 119 रन की साझेदारी करके आयरलैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की। आईसीसी के अनुसार, यह आयरलैंड की महिला क्रिकेट में श्रीलंका पर पहली जीत थी और इससे यूरोपीय टीम को टी-20 सीरीज 1-1 से बराबर करने में मदद मिली। अब शुक्रवार को बेलफास्ट में तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी।

महिला T20Is में सबसे अधिक शतक लगाने वाले प्लेयर्स की बात करें तो तंजानिया की फातुमा किबासु और श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू दोनों ने तीन-तीन टी-20 शतक बनाए हैं, जबकि लुईस, वेस्टइंडीज की जोड़ी डिएंड्रा डॉटिन-हेली मैथ्यूज ने इस फॉर्मेट में दो शतक लगाए हैं।

इसके अलावा इंग्लैंड की डैनी व्याट, ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और बेथ मूनी, युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको, रोमानिया की रेबेका ब्लेक और संयुक्त अरब अमीरात की ईशा ओजा दो-दो शतक बनाने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।

close whatsapp