दिल्ली प्रीमियर लीग के ओपनिंग सेरेमनी में इस फेमस सिंगर के साथ सोनम बाजवा करेंगी परफॉर्म
दिल्ली प्रीमियर लीग का पहला सीजन 17 अगस्त से शुरू हो रहा है।
अद्यतन - अगस्त 16, 2024 10:52 अपराह्न

दिल्ली प्रीमियर लीग का पहला सीजन 17 अगस्त से शुरू हो रहा है और टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा सभी मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। हालांकि, टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मशहूर सिंगर बादशाह और अभिनेत्री सोनम बाजवा परफॉर्म करेंगी।
युवाओं के बीच लोकप्रिय सोनवा बाजवा ने DPL 2024 के लिए अपने आगामी परफॉर्मेंस के बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए फैन्स को जानकारी दी। ये दोनों सितारे अपने परफॉर्मेंस से ओपनिंग सेरेमनी में चार चांद लगाना चाहेंगे।
टूर्नामेंट की बात की जाए तो दिल्ली प्रीमियर लीग 2024 का पहला मुकाबला पुरानी दिल्ली 6 और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बीच में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम को 8:30 बजे से शुरू होगा। पुरानी दिल्ली 6 की ओर से भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और शानदार तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा खेलेंगे।
IPL के तमाम खिलाड़ी DPL के पहले सीजन में आएंगे नजर
बता दें कि, इंडियन प्रीमियर लीग के ऐसे कई खिलाड़ी, दिल्ली प्रीमियर लीग के पहले सीजन में खेलते हुए नजर आएंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा बल्लेबाज आयुष बडोनी को DPL के आगामी संस्करण में साउथ दिल्ली टीम की कप्तानी करते हुए देखा जाएगा। साउथ दिल्ली टीम की ओर से शुभम दुबे और कुलदीप यादव को भी खेलते हुए देखा जाएगा। शुभम को IPL 2024 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए देखा गया था।
बता दें कि, इस टूर्नामेंट में कुल 40 मैच खेले जाएंगे, जिसमें से 7 मुकाबले महिला वर्ग में खेले जाएंगे, जबकि 33 मैच मेन्स क्रिकेट वर्ग में आयोजित होंगे। इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 सितंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पुरानी दिल्ली 6 और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बीच खेला जाएगा।