PAK vs BAN: आलोचनाओं के बीच पूर्व पाक क्रिकेटर ने बाबर आजम को किया जमकर सपोर्ट
बासित अली का मानना है कि बाबर आजम और विराट कोहली दुनिया के दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जो जब भी जल्दी आउट होते हैं तब लोग उनके बारे में बोलना शुरू कर देते हैं।
अद्यतन - Aug 22, 2024 5:50 pm

इस समय पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले के पहले दिन पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम रन बनाने में नाकाम रहे और बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौट गए। उनका विकेट बांग्लादेश के शानदार तेज गेंदबाज शोरीफुल इस्लाम ने लिया था।
बता दें, बाबर आजम पहली बार अपने घर में 0 पर आउट हुए थे। अब इसी को लेकर पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने कमेंट किया है। बासित अली का मानना है कि बाबर आजम और विराट कोहली दुनिया के दो ऐसे बल्लेबाज है, जो जब भी जल्दी आउट होते हैं तब लोग उनके बारे में बोलना शुरू कर देते हैं।
बासित अली ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘जब भी बाबर आजम आउट होते हैं तो दुनिया उनके बारे में बोलना शुरू कर देती है। ऐसे सिर्फ दो ही खिलाड़ी हैं विराट कोहली और बाबर आजम। जब यह दोनों खिलाड़ी शतक जड़ते हैं तब उनकी प्रशंसा की जाती है, लेकिन जब यह खिलाड़ी आउट हो जाते हैं तो उनकी आलोचना भी की जाती है। श्रीलंका सीरीज में जब विराट कोहली तीनों मैच में आउट हुए थे तब हमने ऐसा देखा था।’
शान मसूद के विवादित आउट पर बासित अली ने कहा
पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पाकिस्तान की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं हुई थी और उन्होंने 16 रन के भीतर ही अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट खो दिए थे। इस मैच में शान मसूद के आउट को लेकर काफी विवाद भी हुआ। दरअसल, शोरीफुल इस्लाम की एक गेंद शान मसूद के पैड से लगकर विकेटकीपर लिटन दास के पास गई और उन्होंने गेंद को लपक लिया।
फील्ड अंपायर ने इसे नॉटआउट दिया, जिसके बाद बांग्लादेश टीम ने डीआरएस की मांग की। रीप्ले में देखा गया कि पैड और बल्ला काफी नजदीक थे और जब गेंद शान मसूद के बल्ले के पास से गई तो अल्ट्राएज में Spike देखी गई। तीसरे अंपायर ने इस फैसले को बदला और पाकिस्तान टीम के कप्तान को आउट करार दिया गया।
इसको लेकर बासित अली ने कहा कि, ‘शान मसूद नॉटआउट थे। मुझे नहीं मतलब कि लोग क्या कह रहे हैं लेकिन गेंद बल्ले से मिस हुई थी। यह पैड से लगी थी। शान मसूद से एक गलती हुई कि वो पीछे मुड़कर देख रहे थे जब गेंद मिस हुई और यही वजह है कि तीसरे अंपायर को भी आउट देने का मौका मिल गया।’