Ben Stokes doppelganger Video: सेम टू सेम! मैच के दौरान नजर आया बेन स्टोक्स का डुप्लिकेट, फिर क्रिकेटर ने दिया कुछ ऐसा रिएक्शन
इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है
अद्यतन - अगस्त 24, 2024 4:00 अपराह्न

Ben Stokes Lookalike Video: फिलहाल श्रीलंकाई टीम इंग्लैंड दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। मुकाबले में दोनों टीमें एक-दूसरे को बराबरी की टक्कर दे रही हैं। इस बीच मैच के दौरान इंग्लैंड को सपोर्ट करने के लिए एक खास फैन स्टैंड में मौजूद था, जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में चल रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन बेन स्टोक्स का डुप्लीकेट (Ben Stokes Duplicate) इंग्लैंड का मैच देखने स्टेडियम पहुंचा। हजारों फैंस की भीड़ में कैमरामैन ने बेन स्टोक्स के डुप्लीकेट को कैमरे में कैद कर लिया।
बड़े पर्दे पर आते ही उस फैन ने अपना हाथ उठाया। उसने इंग्लैंड की जर्सी और जैकेट पहन रखी थी। बड़ी स्क्रीन पर आने के बाद फैन ने अपनी जैकेट उतारी और बेन स्टोक्स को 55 नंबर की जर्सी दिखाई, जिस पर स्टोक्स का नाम लिखा हुआ था। बेन स्टोक्स ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी और उनका रिएक्शन वायरल हो गया।
Ben Stokes doppelganger Video
Stokesy ² 😅 pic.twitter.com/qDZEqN4hbh
— England Cricket (@englandcricket) August 23, 2024
स्टोक्स टेस्ट सीरीज से हैं बाहर
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स इस सीरीज में खेलते नजर नहीं आएंगे। सीरीज शुरू होने से पहले ही वह चोट के कारण बाहर हो गए। बता दें कि, द हंड्रेड के दौरान उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इसलिए उन्हें टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह ओली पोप टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
खेले जा रहे मुकाबले की बात करें तो श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 236 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 358 रन बनाने में कामयाब रही। उधर, दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने 204 रन बना लिए हैं और रिपोर्ट लिखे जाने तक उसने दूसरी पारी में अब तक 82 रनों की बढ़त ले ली है।