आईसीसी ट्रॉफी जीतने के दबाव में पाकिस्तानी खिलाड़ी, इस वजह से नहीं कर पाते प्रदर्शन, फखर जमान ने दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान की टीम आगामी त्रिकोणीय सीरीज से विश्व कप के लिए सही संयोजन तैयार करना चाहती है।
अद्यतन - अक्टूबर 18, 2026 1:06 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट टीम पिछले कई सालों से आईसीसी खिताब जीतने में नाकाम रही है। टीम ने आखिरी बार साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। उस समय पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को हराया था। इसके बाद टीम 2022 टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीतने से पाक खिलाड़ियों पर दबाव
पाकिस्तान के अनुभवी सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वीकार किया कि टीम पर आईसीसी ट्रॉफी जीतने का काफी दबाव है। फखर ने कहा, ‘हमारी टीम पर आईसीसी ट्रॉफी जीतने का दबाव है। हमने इस बारे में कई बार बातचीत की है कि देश का लंबा इंतजार कैसे खत्म किया जाए?’
उन्होंने आगे कहा कि जब टीम अच्छा प्रदर्शन करती है, तो प्रशंसक खिलाड़ियों को बहुत प्यार देते हैं। लेकिन खराब प्रदर्शन होने पर उनका निराश होना भी स्वाभाविक है। हर खिलाड़ी अपनी तरफ से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करता है।
फखर जमान ने बताया कि पाकिस्तान टीम अगले विश्व कप को लेकर काफी गंभीर है। उनका मानना है कि सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचने से ज्यादा खुशी ट्रॉफी जीतने पर मिलती है। उन्होंने कहा, “हम पूरी कोशिश करेंगे और उम्मीद है कि अल्लाह की मदद से विश्व कप की ट्रॉफी पाकिस्तान लेकर आएंगे।”
त्रिकोणीय सीरीज से शुरू होगी विश्व कप की तैयारी
फखर के अनुसार, इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ आगामी त्रिकोणीय सीरीज पाकिस्तान की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण होगी। इस सीरीज के जरिए टीम विश्व कप के लिए सही खिलाड़ियों का संयोजन तैयार करना चाहेगी। उन्होंने बताया कि ज्यादातर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट खेलकर आ रहे हैं और अच्छी लय में हैं।
विश्व कप में पाकिस्तान को ग्रुप ए में भारत, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर ए के साथ रखा गया है। पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगा, जबकि 10 अक्टूबर को भारत से भिड़ेगा।
ये भी पढ़ें – न्यूजीलैंड दौरे पर मोहम्मद सिराज चुनौती पैदा कर सकते हैं: टिम साउदी