Shikhar Dhawan Biopic: संन्यास के बाद शिखर धवन पर बनेगी फिल्म…! गब्बर चाहते हैं यह एक्टर निभाए रोल
मुझे यह तभी पसंद आएगा जब यह अच्छी तरह से बना हो- शिखर धवन अपनी बायोपिक को लेकर
अद्यतन - अगस्त 24, 2024 9:36 अपराह्न

भारतीय दिग्गज खिलाड़ी शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। धवन ने आज शनिवार (24 अगस्त) को सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस बात की जानकारी दी। शिखर धवन ने अक्टूबर 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। वहीं, उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच 10 दिसंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ खेला था।
शिखर धवन ने बड़े टूर्नामेंट्स में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन दिखाया है। उन्होंने U19 वर्ल्ड कप 2004, चैंपियंस ट्रॉफी 2013 और एशिया कप 2018 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता था। वहीं, एशिया कप 2014, वर्ल्ड कप 2015 और चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए थे।
इस बीच, संन्यास की घोषणा के तुरंत बाद शिखर धवन से उनकी बायोपिक के बारे में पूछा गया, जिसके बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन पर एक बायोपिक बनाना पसंद करेंगे। साथ ही शिखर चाहते हैं कि अक्षय कुमार या रणवीर सिंह में से कोई एक उनकी भूमिका निभाए।
मैं भी खुशी-खुशी कर सकता हूं- शिखर धवन
शिखर धवन ने हिंदुस्तान टाइम्स पर बात करते हुए कहा,
मुझे यह तभी पसंद आएगा जब यह अच्छी तरह से बना हो। जहां तक इसमें एक्टिंग का सवाल है। अगर मैंने फिल्म में कोई वेल्यू जोड़ा तो मैं इसे खुशी-खुशी करूंगा। जहां तक अन्य एक्टर्स की बात हैं, मैं चाहूंगा कि अक्षय पाजी (अक्षय कुमार) करें या रणवीर सिंह भी, उनकी एनर्जी कमाल की है।
लोगों से मुझे जो प्यार मिलता है वह बढ़ता रहेगा- धवन
शिखर धवन से आगे यह भी पूछा गया कि क्या उन्हें डर है कि संन्यास के बाद वह अपना फेम खो देंगे। जिसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि फैंस उन्हें प्यार करते रहेंगे और उनका फैनबेस और बढ़ेगा।
अगर मैं क्रिकेट छोड़ दूं तो फेम क्यों खो दूंगा? क्या पता फेम और भी बढ़ जाए। मैं लोगों के दिलों में बसा हुआ हूं न केवल क्रिकेट के माध्यम से… कभी-कभी मेरे इंस्टाग्राम रील्स के माध्यम से भी (हंसते हुए) मुझे यकीन है कि लोगों से मुझे जो प्यार मिलता है वह बढ़ता रहेगा।