Yuvraj Singh to Join DC दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हो सकते हैं युवराज सिंह

IPL 2025 में नई भूमिका में नजर आएंगे युवराज सिंह, इस टीम से चल रही है बातचीत

IPL 2025 में रिकी पोंटिंग की जगह ले सकते हैं युवराज।

Yuvraj Singh (Image Credit- Twitter X)
Yuvraj Singh (Image Credit- Twitter X)

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी 2025 सीजन में कोच के रूप में डेब्यू कर सकते हैं। शनिवार को सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली फ्रेंचाइजी ने संभावित कोचिंग भूमिका के संबंध में महान क्रिकेटर के साथ बातचीत शुरू कर दी है। 2019 में अपना आखिरी आईपीएल मैच खेलने वाले युवराज सिंह आगामी सीजन में नई भूमिका में दिख सकते हैं।

स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली फ्रेंचाइजी ने संभावित कोचिंग भूमिका के बारे में दिग्गज क्रिकेटर के साथ बातचीत शुरू की है। आईपीएल के पिछले तीन सीजन में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद, दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले महीने रिकी पोंटिंग से नाता तोड़ लिया। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सात सीजन तक डीसी के साथ जुड़े रहे, लेकिन वह उन्हें खिताब जिताने में नाकाम रहे। मुख्य कोच के रूप में अपनी भूमिका छोड़ने के बाद, पोंटिंग ने संकेत दिया था कि डीसी मुख्य कोच के रूप में एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर की तलाश कर रही है।

खिताब जीतकर युवराज सिंह ने लिया था आईपीएल से संन्यास

2007 और 2011 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह ने आईपीएल खिताब जीतकर इस लीग से संन्यास लिया था। 2019 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, उस साल टीम ने फाइनल में सीएसके को हराकर अपना चौथा खिताब जीता था। युवी ने इसके बाद संन्यास का ऐलान कर दिया था।

आईपीएल में अपने 12 साल लंबे करियर के दौरान युवी पंजाब किंग्स (पूर्व में किंग्स इलेवन पंजाब), पुणे वॉरियर्स इंडिया, दिल्ली कैपिटल्स (पूर्व में दिल्ली डेयरडेविल्स), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे।

पिछले महीने खबर आई थी कि युवराज गुजरात टाइटंस के कोच के तौर पर आशीष नेहरा की जगह लेने की दौड़ में हैं। लेकिन ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज के हेड कोच के तौर पर बने रहने की संभावना है और फ्रेंचाइजी 2022 आईपीएल चैंपियन गैरी कर्स्टन की जगह लेने के लिए कुछ अन्य पूर्व भारतीय क्रिकेटरों के संपर्क में है।

close whatsapp