Vitality Blast 2024: Saif Zaib को इस विचित्र नो बाॅल की वजह से नहीं मिला विकेट, वायरल हुआ वीडियो  - क्रिकट्रैकर हिंदी

Vitality Blast 2024: Saif Zaib को इस विचित्र नो बाॅल की वजह से नहीं मिला विकेट, वायरल हुआ वीडियो 

मुकाबले में सैफ जायब की टीम को 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। 

Vitality Blast 2024 (Image Credit- Twitter X)
Vitality Blast 2024 (Image Credit- Twitter X)

क्रिकेट में नो बाॅल गेंदबाज की गलती की वजह से होती है। बहुत ही कम बार देखा गया है कि नो बाॅल किसी और वजह से हो। सामान्य तौर पर अगर गेंदबाज क्रीज लाइन से आगे से गेंद फेंकता है, तो यह नो बाॅल होती है। इसके अलावा अगर गेंदबाज स्ट्राइक पर मौजूद खिलाड़ी की कमर से ऊपर की गेंद फेंकता है, तो यह नो बाॅल होती है।

लेकिन जारी विटालिटी ब्लास्ट के तीसरे क्वार्टर फाइनल में एक अजीब तरह की नो बाॅल देखने को मिली है। बता दें कि यह नो बाॅल विकेटकीपर की वजह से हुई है, जिसकी वजह से गेंदबाज सैफ जायब (Saif Zaib) को विकेट नहीं मिल पाया।

गौरतलब है कि विटालिटी ब्लास्ट का तीसरा क्वार्टर फाइनल 5 सितंबर को काउंटी ग्राउंड नाॅर्थम्पटन में Northamptonshire और Somerset के बीच खेला गया। समरसेट के खिलाफ अपना तीसरा ओवर फेंकने आए Saif Zaib ने फ्लाइट गेंद फेंकी, जिसे खेलते हुए स्ट्राइक पर मौजूद टाॅम कोहलर कैडमोर पूरी तरह से बीट हो जाते हैं।

थर्ड अंपायर ने नो बॉल दिया करार

इस दौरान विकेट के पीछे मौजूद Lewis McManus तेजी से गेंद को कलेक्ट करते हुए स्टंप की गिल्लियां बिखेर देते हैं और अपील करते हैं। इस दौरान फैसला तीसरे अंपायर के पास जाता है, लेकिन रिव्यू के दौरान तीसरे अंपायर David Millns ने पाया कि विकेटकीपर ने गेंद को स्टंप लाइन के आगे से पकड़ा है।

इसके बाद उन्होंने ऑनफील्ड अंपायर को नो बाॅल काॅल के लिए कहा। तो वहीं अंपायर के इस फैसले के बाद विकेटकीपर काफी निराश नजर आते हैं। क्योंकि एक तो उन्हें स्टंपिंग का विकेट नहीं मिला और ऊपर से गेंद नो बाॅल भी हो गई। इस स्टंपिंग से बचने के बाद कैडमोर ने 43 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की 17 रनों से जीत में अहम भूमिका निभाई।

जाने क्या कहता है इससे संबंधित नियम

खेल के नियमों को नियंत्रित करने वाली संस्था मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के नियम 27.3 के अनुसार, जब गेंदबाज गेंद डालता है तो स्टंप करने वाले को स्टंप की लाइन के सामने खड़ा नहीं होना चाहिए, या उनके शरीर का कोई हिस्सा या दस्ताने स्टंप से आगे नहीं होने चाहिए। यदि विकेटकीपर ऐसा करता है और इससे खेल प्रभावित होता है, तो अंपायर इसे नो बॉल करार दे सकता है।

close whatsapp