द ओवल में श्रीलंका की ओर से मैच विनिंग पारी खेल पथुम निसंका ने आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग
आईसीसी के लेटेस्ट टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में श्रीलंका के पथुम निसंका ने 42 पायदान की लंबी छलांग लगाई है और वो अब 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अद्यतन - सितम्बर 11, 2024 3:28 अपराह्न

श्रीलंका के शानदार सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने द ओवल में खेले गए तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 64 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में इस शानदार बल्लेबाज ने 127 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
पथुम निसंका ने इस मैच में इंग्लैंड के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा था और सभी के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। आईसीसी के लेटेस्ट टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में श्रीलंका के पथुम निसंका ने 42 पायदान की लंबी छलांग लगाई है और वो अब 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
सिर्फ तीसरे टेस्ट में ही नहीं बल्कि पथुम निसंका ने पहले दो टेस्ट में भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी। श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने पहली पारी में 69 रन बनाए थे और वो अब आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 13वें पायदान पर आ चुके हैं। यही नहीं श्रीलंका की ओर से प्लेयर ऑफ द सीरीज कमिन्डु मेंडिस 6 स्थान की छलांग लगाकर अब 25वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं।
Pathum Nissanka jumps 42 spots to become 39th Ranked Test batter.
– A dream Oval Test for Nissanka! pic.twitter.com/qGsjb5Vvit
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) September 11, 2024
जो रूट पहले स्थान पर काबिज है
भले ही तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट जबरदस्त बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे हो लेकिन उन्होंने टेस्ट रैंकिंग में टॉप स्थान बरकरार रखा है। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर केन विलियमसन है। हैरी ब्रूक भी श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे और वो अब 12वें पायदान पर गिर चुके हैं।
जेमी स्मिथ ने श्रीलंका के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण अर्धशतक जड़ा था और वो अब 30वीं रैंकिंग पर आ चुके हैं। बता दें, भले ही तीसरे टेस्ट को श्रीलंका ने अपने नाम किया हो लेकिन 3 मैच की टेस्ट सीरीज को इंग्लैंड ने 2-1 से जीता था।