‘जिंदगी सही पिचिंग और….’, बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के बाद गौतम गंभीर ने इंस्टाग्राम पर साझा की शानदार तस्वीर
गौतम गंभीर का यह इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
अद्यतन - Sep 23, 2024 3:55 pm

गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय मेन्स टीम ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच को 280 रनों से अपने नाम किया है। यह मैच चेन्नई में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम की ओर से सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तमाम फैंस का दिल जीता।
बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि गंभीर हाथ में गेंद पकड़े हुए हैं। उन्होंने इस तस्वीर को साझा करते हुए इसके कैप्शन में लिखा कि, ‘जिंदगी सही पिचिंग और वापस आने के बारे में है।’ उनका यह इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह रहा गौतम गंभीर का इंस्टाग्राम पोस्ट:
इससे पहले गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली थी। इस टी20 सीरीज में भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इसे अपने नाम किया था। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज को टीम जीतने में नाकाम रही थी।
श्रीलंका ने अपने घर में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया था। आपको बता दें कि इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में गौतम गंभीर के Mentorship में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खिताब जीता था।
टीम इंडिया को अब बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट कानपुर में खेलना है, जिसकी शुरुआत 27 सितंबर से हो रही है। यही नहीं टीम को अभी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नवंबर महीने में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का भी आयोजन होना है। ऐसे में गौतम गंभीर के लिए अब कोचिंग की जिम्मेदारी और भी कठिन होने वाली है।