PAK vs ENG: मेजबान को पहले टेस्ट के खेल के चौथे दिन लगा बड़ा झटका, एकमात्र रेगुलर स्पिनर अबरार अहमद को अस्पताल में भर्ती
युवा स्पिनर की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें काफी तेज बुखार हो रखा है।
अद्यतन - Oct 10, 2024 5:59 pm

इस समय पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला मुल्तान के मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। हालांकि, खेल के चौथे दिन पाकिस्तान टीम की ओर से उनके एकमात्र रेगुलर स्पिनर अबरार अहमद को गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा गया।
यही नहीं चौथे दिन अबरार अहमद फील्डिंग करने भी मैदान पर नहीं उतरे। दरअसल, युवा स्पिनर की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें काफी तेज बुखार हो रखा है। Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, अबरार अहमद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में अब खेलना बहुत ही मुश्किल लग रहा है।
ऐसी भी रिपोर्ट सामने आ रही है कि अबरार अहमद को खेल के पांचवें दिन भी गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा जाएगा। बता दें कि, अबरार अहमद ने अभी तक इस मुकाबले में 35 ओवर में 174 रन दिए हैं और एक भी विकेट अपने नाम नहीं किया है।
हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में जड़ा तिहरा शतक
पहले टेस्ट मैच की अपनी पहली पारी में मेजबान ने सभी विकेट खोकर 556 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान शान मसूद ने 151 रनों की पारी खेली, जबकि अब्दुल्ला शफीक ने 102 रन बनाए। वहीं सलमान आगा ने 104* रनों का योगदान दिया।
जवाब में इंग्लैंड ने भी जोरदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 267 रनों की बढ़त के साथ अपनी पहली पारी 823/7 के स्कोर पर घोषित कर दी। टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने दोहरा शतक जड़ा और 262 रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक ने अपने टेस्ट करियर का पहला तिहरा शतक जड़ा। उन्होंने इस मैच में 29 चौके और तीन छक्कों की मदद से 317 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
इन दोनों ही बल्लेबाजों की साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने अब मैच में अपनी पकड़ बना ली है और मेजबान को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया है। इंग्लैंड की ओर से इन दो खिलाड़ियों के अलावा Zak Crawley ने 78 रनों का योगदान दिया, जबकि बेन डकेट ने 84 रन बनाए।