AUS vs PAK: तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को तहस-नहस करने वाले हारिस रऊफ ने जीता POTM अवार्ड, साथ ही POTS अवार्ड किया अपने नाम
तीसरे और अंतिम वनडे मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया।
अद्यतन - नवम्बर 10, 2024 5:39 अपराह्न

आज यानी 10 नवंबर को पर्थ स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया। इस मैच में पाकिस्तान की ओर से सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस वनडे मैच को जीतने के साथ ही पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रही और 140 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से टीम के तेज गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। इनफॉर्म तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने एक बार फिर घातक गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 24 रन देकर दो विकेट झटके। उन्होंने इस मैच में मैथ्यू शॉट को आउट किया। मैथ्यू शॉर्ट तीसरे वनडे में भी फ्लॉप रहे और 22 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।
मैथ्यू शॉर्ट के अलावा पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने ग्लेन मैक्सवेल को भी अपना शिकार बनाया। ग्लेन मैक्सवेल बिना खाता खोले ही वापस पवेलियन लौट गए। अपनी इसी गेंदबाजी की वजह से हारिस रऊफ को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया गया।
सिर्फ तीसरे वनडे मैच में ही नहीं बल्कि इस पूरी वनडे सीरीज में हारिस रऊफ को ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के ऊपर दबाव बनाते हुए देखा गया। उन्होंने इस सीरीज में तीन मैच में 12 की औसत से 10 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया के महत्वपूर्ण बल्लेबाजों में से एक ग्लेन मैक्सवेल को अनुभवी तेज गेंदबाज ने तीनों ही मैच में अपना शिकार बनाया। प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिलने के साथ-साथ हारिस रऊफ को प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से भी नवाजा गया।
पाकिस्तान ने 22 साल बाद जीती वनडे सीरीज
पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिले लक्ष्य को दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज सैम अयूब ने 42 रन बनाए, जबकि अब्दुल्ला शफीक 37 रन बनाकर आउट हो गए। बाबर आजम ने 28* रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 30* रन बनाए।
बता दें कि पाकिस्तान ने 2002 के बाद यानी 22 साल बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीती है।