डेविड वाॅर्नर को डर है कि विराट कोहली BGT 2024-25 के दौरान फाॅर्म हासिल ना कर लें, जानें पूर्व दिग्गज ने क्या कहा?
22 नवंबर से शुरू हो रही है BGT सीरीज
अद्यतन - Nov 18, 2024 3:30 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) के बीच 22 नवंबर से शुरू हो रही बाॅर्डर-गावस्कर ट्राॅफी टेस्ट सीरीज का, हर कोई बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहा है। हालांकि, इस सीरीज से पहले पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के आउट ऑफ फाॅर्म होने के बावजूद भी, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वाॅर्नर को ऑस्ट्रेलिया की फिक्र सता रही है। वाॅर्नर का कहना है कि कोहली इस सीरीज के दौरान आगे आने वाले हैं, क्योंकि कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में अपना बेस्ट देते हैं।
हालांकि, आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 36 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी फिलहाल रेड बाॅल क्रिकेट में खराब फाॅर्म से जूझ रहा है। पिछले पांच साल में कोहली के बल्ले से खेल के सबसे बड़े फाॅर्मेट में सिर्फ 3 ही शतक निकले हैं, जबकि हाल में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में कोहली ने 6 पारियों में सिर्फ 93 रन ही बनाए थे। भारत को इस सीरीज में 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था।
डेविड वाॅर्नर ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बीजीटी शुरू होने से पहले, हेराल्ड सन के लिए लिखे अपने काॅलम में वाॅर्नर ने कहा- मैं विराट कोहली को लेकर चिंतित हूं, लेकिन उन कारणों से नहीं, जिन कारणों से बाकी सभी चिंतित हैं। इस महीने भारत की न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज में 3-0 की बुरी हार के बाद, लोग विराट को खारिज करना चाहते हैं, लेकिन मैं वास्तव में ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंतित हूं।
यह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी है और हम जानते हैं कि विराट हमेशा ऑस्ट्रेलिया में आगे कदम बढ़ाते हैं और उस चुनौती को पूरी तरह से स्वीकार करते हैं, जैसा कि लगभग किसी ने भी नहीं किया है। मैं वास्तव में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए चिंतित हूं कि वह (कोहली) बाहर आकर कुछ रन बनाने जा रहा है।
बाॅर्डर-गावस्कर ट्राॅफी (BGT) का फुल शेड्यूल
पहला टेस्ट 22-26 नवंबर: पर्थ स्टेडियम, पर्थ
दूसरा टेस्ट 6-10 दिसंबर: एडिलेड ओवल, एडिलेड
तीसरा टेस्ट 14-18 दिसंबर: द गाबा, ब्रिसबेन
चौथा टेस्ट 26-30 दिसंबर: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड, मेलबर्न
पांचवां टेस्ट 3-7 जनवरी: सिडनी क्रिकेट ग्राउंड, सिडनी