पृथ्वी शॉ केविन पीटरसन

“सोशल मीडिया से दूर….सिर्फ ट्रेनिंग पर फोकस”- करियर बचाने के लिए शॉ को पूर्व क्रिकेटर ने दी खास सलाह

IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे पृथ्वी शॉ।

Prithvi Shaw (Image Credit- Twitter X)
Prithvi Shaw (Image Credit- Twitter X)

भारत के एक प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को हाल ही में अपने करियर में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। 25 वर्षीय शॉ IPL 2025 मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे, उन्होंने अपना बेस प्राइस 75 लाख रुपये रखा था, लेकिन इसके बावजूद किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। शॉ का नाम दो बार मेगा ऑक्शन में आया, लेकिन एक भी बोली नहीं लगी।

इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने पृथ्वी शॉ की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपनी ऊर्जा फिट होने में लगानी चाहिए और अगर उन्हें एक बार फिर सफलता का स्वाद चखना है, तो सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए। शॉ ने किशोरावस्था में डेब्यू करते हुए टेस्ट शतक बनाया था।

केविन पीटरसन ने पृथ्वी शॉ के लिए शेयर किया ये खास पोस्ट

पीटरसन ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ”खेल में वापसी की कुछ बेहतरीन कहानियां हैं। अगर पृथ्वी शॉ के आसपास अच्छे लोग हैं, जो उनकी सफलता की परवाह करते हैं तो वे उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने और पूरी तरह से फिट होने के लिए ट्रेनिंग करने को कहेंगे। यह उसे सही रास्ते पर वापस ले आएगा, जहां पिछली सफलता वापस हासिल की जा सकती है। वह बहुत प्रतिभाशाली हैं।”

भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ सहित कई लोगों को लगता है कि शॉ के मैदान के बाहर के व्यक्तित्व ने निश्चित रूप से उनके मैदानी खेल को प्रभावित किया है। हाल में शॉ को अधिक वजन और अनफिट होने के कारण मुंबई रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। उनकी सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में वापसी हुई, लेकिन अभी तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं।

बता दें कि भारत की 2018 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ को भारतीय क्रिकेट के अगले स्टार के रूप में देखा जा रहा था और छह सत्र पहले टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने के बाद उनसे उम्मीदें बढ़ गई थीं।

close whatsapp