IPL 2025 नीलामी में अनसोल्ड रहे मयंक अग्रवाल अब दे रहे बल्ले से करारा जवाब, विजय हजारे ट्रॉफी में लगाए बैक टू बैक शतक
मयंक अग्रवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों की मदद से 100* रनों की मैच विनिंग पारी खेली।
अद्यतन - Dec 28, 2024 6:25 pm

आज यानी 28 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में खेले गए महत्वपूर्ण मैच में कर्नाटक ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 10 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में कर्नाटक की ओर से कप्तान मयंक अग्रवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों की मदद से 100* रनों की मैच विनिंग पारी खेली।
इस मैच में अरुणाचल प्रदेश पहले बल्लेबाजी करते हुए 166 रन पर ढेर हो गई थी। टीम की ओर से अभिनव सिंह ने 71* रनों की बहुमूल्य पारी खेली। अभिनव के अलावा राजेंद्र सिंह ने 30 रन बनाए, जबकि हार्दिक वर्मा ने 38 रनों का योगदान दिया।
वहीं कर्नाटक की ओर से वासुकी कौशिक और हार्दिक राज ने चार-चार विकेट झटके, जबकि एक विकेट श्रेयस गोपाल ने अपने नाम किया। एक विकेट कप्तान मयंक अग्रवाल ने भी झटका।
मयंक अग्रवाल ने खेली कर्नाटक की ओर से तूफानी पारी
इसके बाद तूफानी शतक की बदौलत कर्नाटक ने लक्ष्य को बिना कोई विकेट खोए ही हासिल कर लिया। मयंक अग्रवाल ने मात्र 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनके अलावा अभिनव मनोहर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66* रन बनाए। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी से तमाम फैंस का दिल जीत लिया।
Mayank Agarwal scored a 45 ball century in the Vijay Hazare Trophy. 🤯 pic.twitter.com/cPCkW7DTsX
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) December 28, 2024
कर्नाटक ने अभी तक विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में चार मैच खेले हैं और चारों में उन्होंने जीत दर्ज की है। टीम के 16 अंक है और वो अंक तालिका में ग्रुप सी में पहले पायदान पर है। मयंक अग्रवाल की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। इससे पहले उन्होंने पंजाब के खिलाफ शतक लगाया था। मयंक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 139* रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
कर्नाटक को अब अपना अगला मैच 31 दिसंबर को हैदराबाद के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले में भी मयंक अग्रवाल अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।