सिडनी में भारत को हराकर इतिहास रचने वाला है ऑस्ट्रेलिया, 1997 के बाद पहली बार होगा ऐसा…
भारत के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है ऑस्ट्रेलियाई टीम
अद्यतन - दिसम्बर 31, 2024 1:15 अपराह्न

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के चौथे टेस्ट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 184 रनों से शानदार जीत दर्ज की। टीम इंडिया 340 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 155 रनों पर सिमट गई। पैट कमिंस ने ऑलराउंड प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। मेलबर्न टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।
ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के पहले मैच में 295 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन फिर टीम ने एडिलेड में खेले गए पिंक-बॉल टेस्ट में धमाकेदार वापसी कर 10 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज 1-1 से बराबर भी की। गाबा टेस्ट मैच ड्रॉ हुआ था और मेलबर्न टेस्ट भी ड्रॉ होता हुआ नजर आ रहा था, लेकिन टीम ने गेम में मजबूत पकड़ बनाई और जीत दर्ज की।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का आखिरी मैच 3 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा। इस टेस्ट में जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलियाई टीम इतिहास रचने वाली है। आइए आपको बताते हैं-
इतिहास रचने वाली है पैट कमिंस एंड कंपनी
भारत के खिलाफ सिडनी टेस्ट में जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलियाई टीम 1997 एशेज सीरीज की यादों को ताजा करने वाली है। abc.net.au की रिपोर्ट के अनुसार, यदि ऑस्ट्रेलिया सिडनी में ट्रॉफी जीतती है, तो यह 1997 एशेज के बाद पहली बार होगा जब वह 0-1 से पिछड़ने के बाद कोई टेस्ट सीरीज जीतेंगे। हालांकि, अगर भारत सिडनी टेस्ट जीतता है तो वे 2-2 की बराबरी के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रिटेन कर लेंगे।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 21 सालों में यह पहली बार है कि सीरीज डिसाइडर मैच सिडनी में खेला जाएगा। पिछली बार ऐसा 2003-2004 में हुआ था।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल में जगह पक्की करने के चलते आगामी सिडनी टेस्ट दोनों टीमों के लिए काफी ज्यादा अहम है। साउथ अफ्रीका पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है। मेलबर्न टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया 16 मैचों में 10 जीत, 61.46 PCT के साथ दूसरे स्थान और भारत पॉइंट्स टेबल में 8 मैचों में 9 जीत, 114 पॉइंट्स और 52.78 PCT के साथ तीसरे स्थान पर है।