सिडनी टेस्ट के पहले दिन उस्मान ख्वाजा ने हाथ में काली पट्टी क्यों पहनी थी? वजह सुन आ जाएंगे आंसू
उस्मान ख्वाजा ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एशवेल प्रिंस की पत्नी को श्रद्धांजलि देने के लिए यह दिल को छू लेने वाला जेस्चर चुना।
अद्यतन - Jan 3, 2025 9:19 pm

IND vs AUS 5th Test: ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच के पहले दिन काली पट्टी पहनकर खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे और इस तरह फैंस का ध्यान उनकी ओर गया। फैन्स सोच रहे थे कि स्टार बल्लेबाज ने यह पट्टी क्यों पहनी है।
दरअसल, ख्वाजा ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एशवेल प्रिंस की पत्नी को श्रद्धांजलि देने के लिए यह दिल को छू लेने वाला जेस्चर चुना। एशवेल प्रिंस की पत्नी मेलिसा प्रिंस, कैंसर से पीड़ित थी और उनका रविवार को 40 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। एशवेल ख्वाजा के करीबी दोस्त हैं। इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में लंकाशायर के लिए एक साथ खेलने के बाद ख्वाजा और प्रिंस काफी अच्छे दोस्त बन गए थे।
एशवेल प्रिंस ने पत्नी के लिए लिखा भावुक पोस्ट
प्रिंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी पत्नी को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट लिखा-
“आपके जीवन के अंतिम कुछ महीनों में आपको इतने दर्द से गुजरते देखना बेहद मुश्किल था। लेकिन हम आपको उसी तरह याद रखना चाहते हैं जिस तरह से हम आपको जानते थे। आप एक रत्न थी, और लाखों में एक थी जिन्होंने लोगों के दिलों को एक खास तरीके से छुआ।”
बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में उस्मान ख्वाजा का प्रदर्शन अब तक कैसा रहा
ख्वाजा सिडनी में पांचवें टेस्ट मैच के पहले दिन दिन के अंतिम समय में बल्लेबाजी करने आये, जहां मेजबान टीम ने भारत को सिर्फ 185 रनों पर आउट कर दिया। मौजूदा सीरीज में बल्ले से ख्वाजा का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वे सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। जसप्रीत बुमराह के ओवर में स्लिप पर खड़े केएल राहुल ने उनका शानदार कैच लपका। ख्वाजा ने चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी श्रृंखला में नौ पारियां खेलकर 143 रन बनाए।
वहीं इस पांचवें टेस्ट मैच के पहले दिन तक की बात करें, तो पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम स्टंप्स तक 9/1 रन बनाकर 176 रन से पीछे है।