BGT 2024-25: टीम इंडिया को 3-1 से मात देने के बाद ट्रैविस हेड ने SCG में परिवार के साथ मनाया जीत का जश्न - क्रिकट्रैकर हिंदी

BGT 2024-25: टीम इंडिया को 3-1 से मात देने के बाद ट्रैविस हेड ने SCG में परिवार के साथ मनाया जीत का जश्न

इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ खिलाड़ी ट्रैविस हेड ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों की 9 पारियों में 56 की औसत और 92.56 के स्ट्राइक रेट से 448 रन बनाए।

Travis Head (Pic Source-X)
Travis Head (Pic Source-X)

ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया। इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सभी खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया ने 10 साल बाद टीम इंडिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीती है।

इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ खिलाड़ी ट्रैविस हेड ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों की 9 पारियों में 56 की औसत और 92.56 के स्ट्राइक रेट से 448 रन बनाए। ट्रैविस हेड इस टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

हेड ने इस सीरीज में 2 शतक जड़े। वहीं सीरीज जीतने के बाद ट्रैविस हेड ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर अपने परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। चाहे कोई भी फॉर्मेट हो इस धाकड़ खिलाड़ी को टीम इंडिया के खिलाफ हमेशा ही हावी होते हुए देखा गया है।

ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 3-1 से दी मात

इस टेस्ट सीरीज की बात की जाए तो पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराया था। हालांकि, इसके बाद मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने काफी अच्छी वापसी की और दूसरे टेस्ट को अपने नाम किया। वहीं बारिश की वजह से तीसरा टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जबकि मेलबर्न में खेला गया बॉक्सिंग डे टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने जीता।

सिडनी में खेले गए पांचवे और अंतिम टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 185 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 181 रन पर ढेर हो गई। 4 रनों की मामूली बढ़त के साथ टीम इंडिया दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही और 157 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस तरह 162 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

close whatsapp