BBL 2024-25: मैच के दौरान स्टेडियम में लगी आग, दर्शकों के बीच मची अफरातफरी, देखें वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

BBL 2024-25: मैच के दौरान स्टेडियम में लगी आग, दर्शकों के बीच मची अफरातफरी, देखें वीडियो

ब्रिस्बेन हीट की ओर से अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 77 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

BBL 2024-25 (Pic Source-X)
BBL 2024-25 (Pic Source-X)

इस समय बिग बैश लीग 2024-25 का महत्वपूर्ण मैच ब्रिस्बेन हीट और होबार्ट हरिकेन्स के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में ब्रिस्बेन हीट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 201 रन बनाए। ब्रिस्बेन हीट की ओर से अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 77 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

अपनी इस पारी के दौरान अनुभवी बल्लेबाज ने होबार्ट हरिकेन्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। हालांकि, होबार्ट हरिकेन्स की पारी के दौरान स्टेडियम में आग लग गई। यह आग डीजे बूथ के पास लगी।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक इंसान फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से इस आग को बुझाने का प्रयास कर रहा है। यही नहीं ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम में पुलिसकर्मियों को फैंस को जगह से हटाते हुए देखा गया ताकि किसी को कोई भी परेशानी ना हो।

यहां देखें वीडियो:

आग की वजह से खेल को रोका गया

इस आग की वजह से खेल को थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया था। बता दें कि, ब्रिस्बेन हीट के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। टीम को अगर इस सीजन के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करनी है, तो उन्हें यह मैच जीतना बेहद जरूरी होगा।

ब्रिस्बेन हीट की ओर से मार्नस लाबुशेन के अलावा मैट रेनशा ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम एलसोप ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 39 रनों बनाए।

होबार्ट हरिकेन्स की ओर से कप्तान नाथन एलिस ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। होबार्ट हरिकेन्स को अगर यह मैच जीतना है तो उन्हें 20 ओवर में 202 रन बनाने होंगे। टीम के लिए अच्छी बात यह है कि सभी खिलाड़ी जबरदस्त फॉर्म में है।

close whatsapp