Gambhir vs Rohit: उपकप्तान के चुनने को लेकर चली तीन घंटे मीटिंग, पंत और सैमसन को लेकर भी हुई बहस
BCCI ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 18 जनवरी को टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान किया।
अद्यतन - जनवरी 19, 2025 11:33 पूर्वाह्न

ICC Champions Trophy 2025 के लिए टीम कई दिनों पहले लगभग तैयार हो चुकी थी। यहां तक कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से इस बात की घोषणा की गई थी कि टीम सिलेक्शन के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर को साढ़े 12 बजे होगी, लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस को शुरू होने में ढाई घंटे लग गए। करीब तीन बजे कप्तान रोहित शर्मा और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए और टीम का ऐलान किया।
इस बीच फैंस यह जानना चाहते थे कि क्यों स्क्वॉड का ऐलान होने में इतनी देरी क्यों हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए अब इस बात का पता चला है कि, मीटिंग इतनी लंबी क्यों चली। शुभमन गिल को उपकप्तान बनाने और ऋषभ पंत को बतौर विकेटकीपर शामिल करने के लिए ढाई घंटे मीटिंग चली। सिर्फ इन्हीं दो फैसलों को लेकर बीसीसीआई की मीटिंग लंबी चली और देर से टीम का ऐलान हुआ।
Gautam Gambhir और Rohit Sharma के बीच सब कुछ ठीक नहीं है
दैनिक जागरण की रिपोर्ट की मानें तो प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए कप्तान और सिलेक्टर देर से इसलिए आए, क्योंकि उपकप्तान और पंत को लेकर काफी चर्चा हुई। रिपोर्ट में बताया गया है कि टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर चाहते थे कि हार्दिक पांड्या उपकप्तान बनें, जो कि वर्ल्ड कप 2023 में उपकप्तान थे। यहां तक कि उनके बाद उपकप्तानी संभालने वाले केएल राहुल को भी ये जिम्मेदारी नहीं दी गई। इसके अलावा इस चीज को लेकर भी बहस हुई कि टीम में बतौर विकेटकीपर कौन होगा।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि गौतम गंभीर चाहते थे कि पिछले साल टी20 क्रिकेट में तीन शतक लगाने वाले और वनडे में अच्छा औसत रखने वाले संजू सैमसन टीम का हिस्सा बनें, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा और सेलेक्शन कमिटी ने ऋषभ पंत को बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज उपयोगी माना। यही कारण था कि सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली।
उधर, हार्दिक पांड्या लीडरशिप ग्रुप से पूरी तरह से बाहर हो गए हैं, जो कि वर्ल्ड कप 2023 तक टीम के उपकप्तान थे। यहां तक कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी वे उपकप्तान थे, लेकिन इसके बाद टी20 टीम से रोहित ने रिटायरमेंट लिया तो सूर्यकुमार यादव को कप्तानी सौंप दी गई, जबकि वनडे टीम की उपकप्तानी भी हार्दिक से छीन ली गई।