“इतिहास गवाह है कि…”, रोहित शर्मा-विराट कोहली के खराब फॉर्म पर जेम्स विंस का बड़ा बयान
जेम्स विंस ने रोहित और कोहली की क्षमताओं पर भरोसा जताया और कहा कि ये दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण हैं और फॉर्म में वापसी कर सकते हैं।
अद्यतन - जनवरी 28, 2025 3:12 अपराह्न

इंग्लैंड के बल्लेबाज जेम्स विंस ने कहा है कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट में अपनी खराब फॉर्म से उबर सकते हैं। विंस का मानना है कि टॉप लेवल पर सफल होने की भूख और प्रेरणा यदि बनी रहती है, तो ये अनुभवी खिलाड़ी अपनी बेहतरीन फॉर्म में लौट सकते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की गुणवत्ता को ‘निर्विवाद’ बताया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खराब प्रदर्शन
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कोहली और रोहित का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पांच पारियों में मात्र 31 रन बनाए, जबकि कोहली ने पर्थ में पहले टेस्ट में शतक लगाने के बाद अपनी लय खो दी और पूरी सीरीज में नौ पारियों में केवल 190 रन बनाए।
इंग्लैंड दौरे के लिए जगह पर सवाल
इस खराब प्रदर्शन और चोटों के कारण दोनों सीनियर खिलाड़ियों की इस साल के अंत में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जगह पर सवाल उठ रहे हैं। यह सीरीज 20 जून से 4 अगस्त के बीच खेली जाएगी।
आईएएनएस से बात करते हुए जेम्स विंस ने रोहित और कोहली की क्षमताओं पर भरोसा जताया और कहा कि ये दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण हैं और फॉर्म में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने कहा-
“इसका पूर्वानुमान लगाना कठिन है। इंग्लैंड की परिस्थितियां गेंदबाजों के अनुकूल हो सकती हैं, लेकिन कुछ दिनों में वे बल्लेबाजों के लिए भी मददगार हो सकती हैं। विराट और रोहित जैसे खिलाड़ियों की गुणवत्ता निर्विवाद है। अगर उनमें अभी भी टेस्ट क्रिकेट खेलने की भूख और इच्छा है, तो इतिहास बताता है कि वे अच्छा प्रदर्शन करने का कोई न कोई तरीका ढूँढ़ ही लेंगे।”
“हम इस स्तर के खिलाड़ियों को लंबे समय तक खराब प्रदर्शन करते देखने के आदी नहीं हैं, लेकिन इससे पता चलता है कि वे भी इंसान हैं। मुझे यकीन है कि अगर वे सफल होने के लिए प्रेरित होंगे तो वे मजबूती से वापसी करेंगे।”
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पहला टेस्ट मैच 20 जून से 24 जून तक लीड्स के हेंडिंग्ले में खेला जाएगा। 5 मैचों की इस सीरीज का आखिरी मैच 31 जुलाई से 4 अगस्त तक खेला जाएगा।