Champions Trophy: पहले सीजन में कैसा था भारत का प्रदर्शन? कौन था कप्तान? जानिए यहां
1998 में चैंपियंस ट्रॉफी में सेमीफाइनल से बाहर हुई थी टीम इंडिया।
अद्यतन - फरवरी 12, 2025 8:59 पूर्वाह्न

भारतीय टीम ने पिछले साल जून में साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था। टीम ने पूरे 11 साल बाद किसी आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं अब भारत की नजर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर होगी, जिसकी शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम इस टूर्नामेंट में भी शानदार खेल दिखाकर ट्रॉफी घर लाएगी।
भारत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से चैंपियंस ट्रॉफी में अपने कैंपेन की शुरुआत करेगा। इस बीच, आइए आपको बताते हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी के पहले संस्करण में टीम का प्रदर्शन कैसा था-
मोहम्मद अजहरुद्दीन थे भारत के कप्तान
चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण 1998 में खेला गया था, जिसे उस वक्त आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी का नाम दिया गया था। इस संस्करण में मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भारत की कप्तानी की थी। यह टूर्नामेंट बांग्लादेश में 9 टीमों (टेस्ट प्लेइंग नेशन) के बीच खेला गया था।
भारत ने क्वार्टर-फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था
टूर्नामेंट सीधे नॉक-आउट फॉर्मेट में आयोजित किया गया था। टॉप-8 में जगह बनाने के लिए दो देशों के बीच क्वालीफायर नॉकआउट मैच खेला गया था, जिसमें न्यूजीलेंड ने जीत दर्ज कर टॉप-8 में जगह बनाई थी। टॉप-8 टीमों के बीच चार क्वार्टर-फाइनल मैच खेले गए थे, जिसमें जीत दर्ज करने वाली चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थी। और फिर 1 नवंबर, 1998 को फाइनल खेला गया था।
भारत ने क्वार्टर-फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जिसमें 44 रनों से जीत दर्ज कर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद टीम सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से भिड़ी, लेकिन 6 विकेट से हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
चैंपियंस ट्रॉफी 1998 में ऐसा था भारत का स्क्वॉड-
मोहम्मद अजहरुद्दीन (कप्तान), सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, अजीत अगरकर, नायन मोंगिया (विकेटकीपर), अजय जडेजा, सुनील जोशी, वेंकटेश प्रसाद, जवागल श्रीनाथ, रॉबिन सिंह, वीवीएस लक्ष्मण