‘हम क्रिकेटर्स हैं, अभिनेता नहीं’, भारतीय क्रिकेट में ‘सुपरस्टार कल्चर’ की रविचंद्रन अश्विन ने की जमकर आलोचना
रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि क्रिकेटर्स को एथलीट के रूप में पहले रहना चाहिए और अभिनेता नहीं बनना चाहिए।
अद्यतन - फरवरी 15, 2025 8:03 अपराह्न

भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में भारतीय क्रिकेट में सुपरस्टार कल्चर को लेकर अपना पक्ष रखा है। अश्विन का मानना है कि क्रिकेटर्स को एथलीट के रूप में पहले रहना चाहिए और अभिनेता नहीं बनना चाहिए।
रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि भारतीय क्रिकेट में सुपरस्टार कल्चर काफी तेजी से बढ़ रहा है और सामान्य लोग भी इसको लेकर अपना पक्ष रख रहे हैं। पूर्व ऑलराउंडर का मानना है कि क्रिकेटर्स का कार्य पहले क्रिकेट खेलना है और फिर उन्हें बाकी काम करने की जरूरत है।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि,’भारतीय क्रिकेट में चीजों को नॉर्मल होने देना बहुत ही जरूरी है। सुपरस्टारडम और सुपर सेलिब्रिटी को हमें भारतीय क्रिकेट में ज्यादा प्रोत्साहन नहीं देना चाहिए। हमें चीजों को नार्मल करने की जरूरत है, क्योंकि सभी लोग क्रिकेटर्स हैं। पहले हमें क्रिकेटर बनना चाहिए और हम कोई अभिनेता या सुपरस्टार नहीं है।’
इन सब उपलब्धियां से ज्यादा बड़े हमारे गोल होने चाहिए: रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का उदाहरण देते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि,’हम लोग खिलाड़ी हैं और किसी भी खिलाड़ी की दूसरे से तुलना नहीं की जानी चाहिए।
उदाहरण के रूप में अगर आप रोहित शर्मा या विराट कोहली हैं, जिन्होंने इतना कुछ हासिल कर लिया है। अगर आप एक और शतक मार देते हैं तो यह आपकी उपलब्धि नहीं रह जाती है। हमें अपने लक्ष्य को इससे भी बड़ा रखना चाहिए। यह सभी खिलाड़ियों के लिए बेहद जरूरी है।’