Champions Trophy: धोनी की कप्तानी में 2013 में चैंपियन बना था भारत, जानें पूरी कहानी-
चैंपियंस ट्रॉफी 2013 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराया था।
अद्यतन - Feb 16, 2025 4:12 pm

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है। टीम इंडिया 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से अपने कैंपेन की शुरुआत करने वाली है। भारत संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया के साथ टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम हैं। दोनों ही देशों ने दो बार खिताब अपने नाम किया है।
भारत ने पिछले साल रोहित शर्मा की कप्तानी में 11 साल का सूखा खत्म कर टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था। आगामी चैंपियंस ट्रॉफी भी में टीम अपना कमाल दिखाना चाहेगी। इस बीच आइए आपको बताते हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी के सातवें संस्करण में भारत का प्रदर्शन कैसा था-
इंग्लैंड में खेला गया था सातवां संस्करण
चैंपियंस ट्रॉफी का सातवां संस्करण 2013 में इंग्लैंड में खेला गया था, इसमें 8 देशों ने भाग लिया था। इंग्लैंड मेजबान होने के नाते सीधे क्वालीफाई हुई थी। जबकि आईसीसी वनडे चैंपियनशिप में टॉप-7 हाईएस्ट-रैंक वाली टीमों ने अपनी जगह बनाई थी, जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज शामिल था।
8 टीमों को चार-चार के दो ग्रुपों में बांटा गया था। ग्रुप-ए में इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और ग्रुप-बी में भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान था।
ग्रुप स्टेज में भारत का प्रदर्शन
ग्रुप स्टेज राउंड के तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत ने शान से सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। टीम ने पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 26 रन, दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट और तीसरे मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट (DLS नियम) से शिकस्त दी थी।
फाइनल में इंग्लैंड को हराया
चैंपियंस ट्रॉफी 2013 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। भारत ने मुकाबले में 8 विकेट से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 129 रन बनाए थे। विराट कोहली ने 43 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 विकेट के नुकसान में 124 रन ही बना पाई और भारत ने 5 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा किया था।
चैंपियंस ट्रॉफी 2013 में भारत का स्क्वॉड-
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान व विकेटकीपर), सुरेश रैना, विराट कोहली, शिखर धवन, रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, विनय कुमार, अमित मिश्रा, इरफान पछान, ईशांत शर्मा, मुरली विजय, उमेश यादव