बाबर आजम की न्यूजीलैंड के खिलाफ पारी का पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों ने उड़ाया जमकर मजाक, पुजारा भी हुए लिस्ट में शामिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

बाबर आजम की न्यूजीलैंड के खिलाफ पारी का पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों ने उड़ाया जमकर मजाक, पुजारा भी हुए लिस्ट में शामिल

इस मैच को न्यूजीलैंड ने 60 रन से अपने नाम किया।

Babar Azam (Image Credit- Twitter X)
Babar Azam (Image Credit- Twitter X)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच 19 फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच को न्यूजीलैंड ने 60 रनों से अपने नाम किया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों ने भी बेहतरीन खेल दिखाया।

पाकिस्तान की बात की जाए तो अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने इस मैच में काफी धीमी पारी खेली। उन्होंने 90 गेंद में सिर्फ 64 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान बाबर ने सिर्फ छह चौके और एक छक्का जड़ा। उनके इस पारी की काफी आलोचना हुई।

पाकिस्तान के तमाम पूर्व खिलाड़ी भी बाबर आजम की इस पारी पर जमकर भड़के। सबका यही कहना है कि जब पाकिस्तान इतने बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तो बाबर आजम ने इतनी धीमी पारी क्यों खेली? पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने कहा कि, ‘मैं अपने मुख्य खिलाड़ी से यह नहीं चाहूंगा कि वह 90 गेंद पर 60 रन बनाए। इससे बेहतर है कि वह 30 गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हो जाए।’

पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने भी बाबर आजम की पारी की जमकर आलोचना की और कहा कि, ‘बाबर ने अपना अर्धशतक 81 गेंदों पर पूरा किया। क्या बाबर सिर्फ 50 के लिए खेल रहे थे। क्या उन्हें अपने मुल्क के लिए नहीं खेलना था। उनसे कोई पूछेगा कि क्या मुल्क पहले है या बाबर आजम? बाबर ने अपने 50 पूरा करने में सिर्फ पांच चौके मारे। उनसे बेहतर तो सलमान ने खेला। सोशल मीडिया पर लोग हमें गद्दार कहते हैं, क्योंकि हम बाबर आजम की आलोचना करते हैं।’

मोहम्मद हफीज ने भी रखा अपना पक्ष

मोहम्मद हफीज ने कहा कि, ‘बाबर आजम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी रन बनाए हैं, लेकिन आज अर्धशतक बनाने के बाद उन्हें काफी संतुष्ट देखा गया। पाकिस्तान मैच हार गया और उन्होंने सिर्फ अर्धशतक बनाया। हम लोग मैच जीतने के करीब तक नहीं थे।’

दिग्गज बल्लेबाज अहमद शहजाद ने कहा कि, ‘बाबर काफी दबाव में थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बाबर आजम के ऊपर काफी निवेश किया है। चार से पांच सालों तक उन्हें कप्तानी में भी खुली छूट दी गई थी। सीनियर खिलाड़ी के रूप में बाबर और रिजवान ने 38 गेंद पर से 14 रन बनाए। पिछले तीन सालों में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की है।’

अनुभवी भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने बाबर आजम की पारी को लेकर कहा कि, ‘उनकी पूरी पारी के दौरान ऐसा लगा ही नहीं कि बाबर मैच जीतने के लिए खेल रहे हैं। स्पिनर के खिलाफ भी बाबर आजम सही तरीके से अपने कदमों का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। वह यह कोशिश कर रहे थे कि गेंद उनके पास आए और फिर वो उसपर शॉट खेलें।’

close whatsapp