CT2025: पटेल ने पलट दिया था खेल, लेकिन रोहित की गलती से हैट्रिक लेने में हुए फेल - क्रिकट्रैकर हिंदी

CT2025: पटेल ने पलट दिया था खेल, लेकिन रोहित की गलती से हैट्रिक लेने में हुए फेल

इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

Axar Patel And Rohit Sharma (Pic Source-X)
Axar Patel And Rohit Sharma (Pic Source-X)

इस समय टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दूसरा मुकाबला दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ है और टीम ने 9 ओवर के भीतर 35 रन पर अपने पांच विकेट खो दिए हैं।

टीम इंडिया की ओर से बेहतरीन स्पिनर अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटके। अक्षर पटेल इस मैच में हैट्रिक भी पूरी कर सकते थे, लेकिन पहली स्लिप पर खड़े भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक आसान सा कैच गिरा दिया। अक्षर ने अपने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर तंजीद हसन को आउट किया। तंजीद हसन ने 25 रन बनाए और उनका कैच विकेटकीपर केएल राहुल ने पकड़ा।

इसके बाद अगली गेंद पर बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौट गए। गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेटकीपर केएल राहुल के दस्तानों में सीधे समा गई। पटेल की अगली गेंद पर जाकेर अली का कैच पहली स्लिप पर खड़े रोहित शर्मा ने ड्रॉप कर दिया।

यह कैच काफी आसान था, लेकिन एक छोटी सी गलती की वजह से रोहित शर्मा इसे पकड़ नहीं पाए। कैच छोड़ने के बाद रोहित शर्मा को गुस्से में जमीन पर अपना हाथ मारते हुए भी देखा गया। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने टीम के साथ ही अक्षर पटेल से माफी भी मांगी।

भारत ने की बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शुरुआत

भारतीय गेंदबाजों ने अभी तक बांग्लादेश के ऊपर दबाव बनाए रखा है। उन्होंने किसी भी बल्लेबाज को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया है। बांग्लादेश को अगर मैच में वापसी करनी है तो उन्हें यहां से एक बड़ी साझेदारी करनी होगी, जो टीम के लिए फिलहाल आसान नहीं लग रहा है।

यह देखना बेहद जरूरी है कि पावरप्ले के खत्म होने के बाद बांग्लादेश टीम भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ कैसी बल्लेबाजी करती है। फिलहाल भारतीय गेंदबाजों ने मैच में धमाकेदार गेंदबाजी की है।

close whatsapp