पाकिस्तान के खिलाफ खूब चलता है विराट कोहली का बल्ला, औसत शानदार, स्ट्राइक रेट लाजवाब, देखें रिकॉर्ड
विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 16 वनडे मैच खेले हैं।
अद्यतन - Feb 22, 2025 4:34 pm

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पांचवां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाने वाला है। दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के बीच इस मैच को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के पहले मैच में बांग्लादेश को 6 विकेट से पटखनी दी थी। रोहित शर्मा एंड कंपनी पाकिस्तान के खिलाफ भी फॉर्म बरकरार रखना चाहेगी।
बता दें, पिछले दो आईसीसी टूर्नामेंट्स के मैचों में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। मेजबान पाक को वनडे वर्ल्ड कप 2023 में 7 विकेट और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में 6 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले आगामी मुकाबले में विराट कोहली के ऊपर सबकी नजरें रहने वाली है। सभी जानते हैं पाकिस्तान के खिलाफ किंग कोहली का बल्ला अलग ही अंदाज में बोलता है। इस बीच, आइए आपको बताते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ वनडे और चैंपियंस ट्रॉफी में विराट कोहली का रिकॉर्ड कैसा है।
वनडे फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली का रिकॉर्ड
विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 16 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 16 पारियों में 52.15 की औसत, 100.29 की स्ट्राइक रेट से 678 रन बनाए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ तीन शतक और दो अर्धशतक ठोके हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 183 है।
- मैच- 16
- पारी- 16
- रन- 678
- औसत- 52.15
- स्ट्राइक रेट- 100.29
- शतक- 03
- अर्धशतक- 02
- हाईएस्ट स्कोर- 183
चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली का प्रदर्शन
चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 62 के औसत, 96.87 की स्ट्राइक रेट से 124 रन बनाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 81* रन रहा है।
- मैच: 4
- पारी: 4
- रन: 124
- हाईएस्ट स्कोर: 81*
- औसत: 62
- स्ट्राइक रेट: 96.87
- अर्धशतक: 1
- चौका: 10
- छक्का: 3