बेन डकेट का चैंपियंस ट्रॉफी का डेब्यू हुआ और भी खास, लाहौर में ठोका शानदार शतक

बेन डकेट का चैंपियंस ट्रॉफी डेब्यू हुआ और भी खास, लाहौर में ठोका शानदार शतक

इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

Ben Duckett (Pic Source-X)
Ben Duckett (Pic Source-X)

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस समय लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का चौथा मैच खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम का यह फैसला अभी तक सही साबित नहीं हुआ है। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम के ऊपर दबाव बनाया हुआ है।

सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण शतक बनाया है। उन्होंने इस मैच में अपना शतक महज 95 गेंद पर पूरा किया। इससे पहले डकेट ने टीम इंडिया के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी अच्छी बल्लेबाजी की थी और तमाम फैंस का दिल जीता था।

उन्होंहने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी बेहतरीन बल्लेबाज जारी रखी है। बता दें कि इंग्लैंड की शुरुआत इस मैच में इतनी अच्छी नहीं हुई थी और फिल साल्ट 10 रन बनाकर आउट हो गए थे। यही नहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज जेमी स्मिथ भी सिर्फ 15 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।

दो विकेट 43 रन पर गिरने के बाद बेन डकेट ने जो रूट के साथ पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस दौरान अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने भी 68 रनों की पारी खेली। रूट ने अपनी इस पारी के दौरान चार चौके जड़े।

बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है इंग्लैंड टीम

बेन डकेट के शतक की वजह से इंग्लैंड टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है। अगर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापसी करनी है, तो उन्हें अब यहां से लगातार अंतराल पर विकेट लेने होंगे। यह इन दोनों ही टीमों का आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच है। अब यह देखना बेहद जरूरी है कि कौनसी टीम इस मैच को अपने नाम करती है?

close whatsapp