द हंड्रेड टूर्नामेंट में जेम्स एंडरसन का खेलने का सपना टूटा, अनुभवी तेज गेंदबाज रहे Undrafted
द हंड्रेड टूर्नामेंट की शुरुआत 5 अगस्त से हो रही है।
अद्यतन - मार्च 13, 2025 4:06 अपराह्न

इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन आगामी पुरुष द हंड्रेड 2025 टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगे। दरअसल, जेम्स एंडरसन आगामी टूर्नामेंट के लिए Undrafted गए हैं। इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की मेगा नीलामी में भी उन पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगाई थी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले वह बल्लेबाजों के लिए डरावने सपने की तरह थे। उन्होंने अपनी स्विंग गेंदबाजी से कई टीमों के बल्लेबाजी लाइनअप को पूरी तरह से तहस-नहस किया। हालांकि, फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनका खेलना सपना अधूरा ही रह जाएगा।
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पेसर जेम्स एंडरसन को द हंड्रेड के ड्राफ्ट में भी निराशा हाथ लगी और उन्हें खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले एंडरसन ने आगामी सत्र के लिए लंकाशायर के साथ एक साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बाद ड्राफ्ट के लिए खुद को उपलब्ध बताया।
एंडरसन ने एक दशक से अधिक समय से टी20 क्रिकेट नहीं खेला है। हालांकि, उनका नया अनुबंध उन्हें टी20 ब्लास्ट में खेलने की अनुमति देगा। बिना किसी आरक्षित मूल्य के ड्राफ्ट में जाने के बावजूद, वह आठ टीमों में से 26 उपलब्ध घरेलू स्थानों में से एक को पाने से चूक गए। यदि उन्हें वाइल्डकार्ड पिक के रूप में चुना जाता है, तो वह द हंड्रेड में भी शामिल हो सकते हैं।
5 अगस्त से शुरू हो रहा है द हंड्रेड टूर्नामेंट
द हंड्रेड टूर्नामेंट की शुरुआत 5 अगस्त से हो रही है। अभी तक इस टूर्नामेंट को तमाम लोगों ने काफी प्यार दिया है और आगामी सीजन में भी कई धाकड़ खिलाड़ियों को इसमें धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। सभी टीमों ने अपने-अपने खेमे में कई बेहतरीन बल्लेबाजों और धाकड़ गेंदबाजों को शामिल किया है।
जेम्स एंडरसन खुद इस बात से काफी निराश होंगे कि वह आगामी टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगे। द हंड्रेड टूर्नामेंट के अलावा आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में भी उन पर किसी ने बोली नहीं लगाई थी। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत 22 मार्च से हो रही है।
जेम्स एंडरसन को अब तब ही द हंड्रेड टूर्नामेंट में खेलते हुए देखा जा सकता है, अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाए तो वह उनकी जगह रिप्लेसमेंट के रूप में आ सकते हैं। जेम्स एंडरसन के पास गेंदबाजी का काफी अनुभव है और वह किसी भी टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।