IPL 2025: लखनऊ के खिलाफ छक्कों की हैट्रिक से पैट कमिंस ने रचा इतिहास, धोनी के साथ इस खास क्लब में हुए शामिल
इस मैच को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट रहते अपने नाम किया।
अद्यतन - Mar 28, 2025 9:58 pm

27 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आईपीएल 2025 का शानदार मैच खेला गया था। इस मैच को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट रहते अपने नाम किया। टीम की ओर से सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने बल्लेबाजी से एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया। बता दें कि, पैट कमिंस ने मैच में चार गेंद पर तीन छक्के जड़े और 18 रन बनाए। उन्होंने अपनी शुरुआती तीन गेंद पर तीन छक्के जड़े। लेकिन चौथी गेंद पर वह आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान इस मैच में काफी अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे थे।
पैट कमिंस ने यह रन 450 के स्ट्राइक रेट से बनाए। इसी के साथ पैट कमिंस आईपीएल के इतिहास में चौथे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपनी पारी की शुरुआती तीन गेंद पर तीन छक्के जड़े हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुनील नारायण, निकोलस पूरन और महेंद्र सिंह धोनी ने अपने नाम कर रखा है। सुनील नारायण ने 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ यह कारनामा किया था, जबकि 2023 में निकोलस पूरन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।
महेंद्र सिंह धोनी की बात की जाए तो वह इस लिस्ट में 2024 में शामिल हुए थे, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। अब ऐसा करने वाले पैट कमिंस चौथे खिलाड़ी बन गए हैं।
लखनऊ के खिलाफ हैदराबाद का निराशाजनक प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 190 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 6 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा के अलावा ईशान किशन बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
ट्रेविस हेड ने 47 रन की बहुमूल्य पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान आक्रामक बल्लेबाज ने पांच चौके और तीन छक्के जड़े। वह एक मात्र बल्लेबाज थे, जिन्होंने लखनऊ टीम के गेंदबाजों पर दबाव बनाया हुआ था। नीतीश कुमार रेड्डी ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि अनिकेत वर्मा ने 36 रन की आक्रामक पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं हुई थी और एडन मार्करम एक रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, मिचेल मार्श ने पहला विकेट गिरने के बाद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंद पर 7 चौके और दो छक्कों की मदद से 52 रन की तूफानी पारी खेली।
यही नहीं निकोलस पूरन ने भी कमाल की बल्लेबाजी की और 26 गेंद पर छह चौके और छह छक्कों की मदद से 70 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान निकोलस ने सनराइजर्स हैदराबाद के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया।