IPL 2025: डेब्यूटेंट अश्वनी कुमार की घातक गेंदबाजी रहा मैच का टर्निंग प्वाइंट
इस मैच को मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट रहते अपने नाम किया।
अद्यतन - मार्च 31, 2025 11:24 अपराह्न

आज यानी 31 मार्च को आईपीएल 2025 का शानदार मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट रहते अपने नाम किया और टूर्नामेंट की पहली जीत हासिल की।
शुरुआत से ही मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने इस मैच में दबाव बनाए रखा और कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। कोलकाता की ओर से युवा खिलाड़ी अंगकृष रघुवंशी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने इस मैच में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इसके अलावा रमनदीप सिंह ने 22 रन का योगदान दिया, जबकि मनीष पांडे ने 19 रन बनाए। रिंकू सिंह ने 17 और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 11 रन बनाए। सुनील नारायण अपना खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि उपकप्तान वेंकटेश अय्यर तीन रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
मुंबई की ओर से डेब्यूटेंट अश्वनी कुमार ने तीन ओवर में 24 रन देकर चार विकेट झटके। अश्वनी कुमार ने इस मैच में काफी अच्छी गेंदबाजी की और कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजी लाइनअप को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। युवा तेज गेंदबाज ने नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे को आउट किया, जबकि रिंकू सिंह, मनीष पांडे और आंद्रे रहल को भी वापस पवेलियन की राह दिखाई। उनकी घातक गेंदबाजी इस मैच का टर्निंग पॉइंट रही।
Ryan Rickelton ने खेली बहुमूल्य पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत काफी अच्छी रही। हालांकि अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा एक बार फिर से बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 13 रन बनाकर आउट हो गए। मेजबान की ओर से बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाज Ryan Rickelton ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 62* रन की मैच विनिंग पारी खेली।
अपनी इस पारी के दौरान सलामी बल्लेबाज ने कोलकाता नाइट राइडर्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव ने भी दमदार बल्लेबाजी करते हुए 27* रन की आक्रामक पारी खेली। यह मुंबई इंडियंस की इस सीजन की पहली जीत है।