लगातार पांच हार के बाद भी CSK कैसे पहुंच सकती है प्लेऑफ में? CricTracker Hindi

IPL 2025: लगातार 5 हार के बाद भी CSK कैसे पहुंच सकती है प्लेऑफ, समझें पूरा गणित

अगर सीएसके इन 8 में से 7 मुकाबले जीतने में कामयाब रहती है तो उनके खाते में 16 अंक हो जाएंगे

MS Dhoni
MS Dhoni (Photo by Surjeet Yadav/MB Media/Getty Images)

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2025 का सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। 5 बार की चैंपियन इस टीम ने अभी तक 6 मैच खेले हैं जिसमें 5 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई सुपर किंग्स के क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब टीम लगातार 5 मैच हारी है। वहीं इन 5 में से तीन हार तो उन्होंने चेपॉक के गढ़ में मिली है। ऐसा भी पहली बार हुआ है जब एमए चिदंबरम स्टेडियम में सीएसके ने हार की हैट्रिक लगाई हो।

गायकवाड़ के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद लगा था कि नए कप्तान एमएस धोनी के साथ सीएसके की किस्मत पलट जाेगी, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। शुक्रवार, 11 अप्रैल को केकेआर के खिलाफ उन्हें 8 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इस हार के बावजूद उनके पास प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने का मौका है। आईए हम आपको बताते हैं कि सीएसके यहां से कैसे क्वालीफाई कर सकती है।

IPL 2025 में CSK कैसे पहुंच सकती है प्लेऑफ में

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 में अभी तक 6 मैच खेले हैं जिसमें उन्हें 1 में जीत मिली है। अभी इस सीजन में चेन्नई को 8 मैच और खेलने हैं। अगर सीएसके इस 8 में से 7 मुकाबले जीतने में कामयाब रहती है तो उनके पास 16 पॉइंट्स हो जाएंगे। आईपीएल में अक्सर ऐसा देखा गया है कि टीमें 16 अंक के साथ अकसर टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाती है।

वहीं अगर चेन्नई 8 के 8 मैच जीतने में कामयाब रहती है तो उनके खाते में 18 पॉइंट्स हो जाएंगे, फिर तो निश्चित उन्हें नॉकआउट राउंड में जगह मिल जाएगी। लेकिन ऐसा करने के लिए अब चेन्नई की टीम को यहां से करिश्मा करने की जरूरत है।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी एमएस धोनी की अगुवाई वाली सीएसके निर्धारित 20 ओवर में 103 रन ही बोर्ड पर लगा पाई। आखिरी कुछ ओवरों में शिवम दुबे (31) ने कुछ रन बना दिए जिस वजह से टीम 100 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही। केकेआर ने इस स्कोर को 10.1 ओवर में 8 विकेट रहते चेज किया। सुनील नरेन ने 44 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इसके अलावा गेंदबाजी में उन्होंने 13 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्हें इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

close whatsapp