BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल हो सकते हैं अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी और हर्षित राणा, रोहित-कोहली के अनुबंध को लेकर भी बड़ी रिपोर्ट आई सामने
इस सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कुछ नए चेहरे भी देखने को मिल सकते हैं।
अद्यतन - अप्रैल 17, 2025 10:54 अपराह्न

इंडियन क्रिकेट टीम के केंद्रीय अनुबंध की घोषणा बहुत जल्द होने वाली है और इसमें कई महत्वपूर्ण बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड कुछ खिलाड़ियों के अनुबंध में कोई भी बदलाव नहीं करना चाहेगा। इस सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कुछ नए चेहरे भी देखने को मिल सकते हैं।
नए चेहरों में धाकड़ सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी हो सकते हैं, जिन्होंने पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। अभिषेक शर्मा ग्रेड सी कैटेगरी में शामिल किये जा सकते हैं, जिसमें उन्हें हर साल एक करोड़ रुपए मिलेंगे। बीसीसीआई की नीति में कहा गया है कि “वे एथलीट जो निर्धारित अवधि के भीतर कम से कम तीन टेस्ट या आठ वनडे या 10 टी20 खेलने के मानदंडों को पूरा करते हैं, उन्हें स्वचालित रूप से ग्रेड सी में प्रो-राटा आधार पर शामिल किया जाएगा।”
अभिषेक शर्मा के अलावा धाकड़ ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को भी इस लिस्ट में शामिल किया जा सकता है। अभिषेक शर्मा ने टीम इंडिया की ओर से 17 टी20 मैच खेले हैं, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने राष्ट्रीय टीम की ओर से पांच टेस्ट और चार टी20 मुकाबलों में भाग लिया है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा पर भी निगाहें होंगी, जिन्होंने टीम इंडिया की ओर से दो टेस्ट पास होंगे और एक टी20 मैच खेला है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली के कॉन्ट्रैक्ट में कोई भी बदलाव देखने को नहीं मिलेगा
सीनियर खिलाड़ी जैसे रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ग्रेड A+ कैटेगरी में ही रहेंगे। कुछ ही दिनों में इस कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा हो जाएगी।
विराट कोहली की बात की जाए तो आईपीएल 2025 में उन्होंने अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और आरसीबी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें आगे भी शानदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। रोहित शर्मा की बात की जाए तो वह अभी तक इस टूर्नामेंट में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं, लेकिन बचे हुए मुकाबलों में उन्हें धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए देखा जा सकता है।