MCA ने मुंबई टी20 लीग में इंटरनेशनल भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी अनिवार्य की, रोहित होंगे 'लीग का चेहरा', पढ़ें बड़ी खबर  - क्रिकट्रैकर हिंदी

MCA ने मुंबई टी20 लीग में इंटरनेशनल भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी अनिवार्य की, रोहित होंगे ‘लीग का चेहरा’, पढ़ें बड़ी खबर 

रिपोर्ट्स के अनुसार एमसीए हिस्सा लेने वाले प्रत्येक भारतीय खिलाड़ी को 15 लाख रुपए देगा, जबकि फ्रेंचाइजी का ऑक्शन प्राइस अलग से होगा। 

MCA and Rohit Sharma (Image Credit- Twitter X)
MCA and Rohit Sharma (Image Credit- Twitter X)

अगर ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले इंटरनेशनल भारतीय खिलाड़ियों के लिए टी20 मुंबई लीग में हिस्सा लेने को अनिवार्य कर दिया है। तो वहीं, एमसीए के इस फैसले के बाद, मुंबई के कुछ बड़े क्रिकेटर्स टूर्नामेंट के तीसरे सीजन में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

गौरतलब है कि यह राज्य स्तर की टी20 लीग आईपीएल के ठीक बार शुरू होने वाली है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस लीग में भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ सुपरस्टार्स जैसे शार्दुल ठाकुर, श्रेयस अय्यर, पृथ्वी शाॅ, शिवम दुबे और रोहित शर्मा खेलते हुए नजर आ सकते हैं। दो बार के वर्ल्ड चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा इस बार टी20 मुंबई लीग का चेहरा होंगे।

तो वहीं, आईपीएल का लीग स्टेज लगभग आधा खत्म हो चुका है, लेकिन मुंबई क्रिकेट फैंस को टी20 क्रिकेट का रोमांच आईपीएल खत्म होने के बाद भी देखने को मिलेगा, क्योंकि आईपीएल के बाद टी20 मुंबई लीग की शुरुआत होने वाली है।

एमसीए अधिकारी ने दिया बड़ा बयान

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के लीग में भाग लेने को लेकर एमसीए के एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया- मुंबई के सभी भारतीय खिलाड़ियों को सूचित कर दिया गया है कि उन्हें टी20 मुंबई लीग खेलनी है, जो आईपीएल के बाद शुरू होगी। यह सभी खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य है, सिवाय इसके कि जिन खिलाड़ियों की भारत के साथ इंटरनेशनल ड्यूटी है या चोट की समस्या है, वे इस लीग को स्किप कर सकते हैं।

इस अधिकारी ने आगे कहा- भारतीय खिलाड़ियों को एसोसिएशन द्वारा भागीदारी शुल्क के रूप में 15 लाख रुपए अलग से दिए जाएंगे, साथ ही उनकी फ्रेंचाइजी प्राइस से अलग से कमाई होगी। हम बेस प्राइस और अन्य विवरणों पर काम कर रहे हैं।

गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट के लिए कुल 2800 क्रिकेटर्स ने पंजीकरण कराया है, जो लीग के प्रभाव को दर्शाता है। देखने लायक बात होगी कि आगामी सीजन में भारतीय टीम से कौन-कौन यह लीग खेलने वाला है?

close whatsapp